आखिरकार इंतजार खत्म हुआ! आलिया भट्ट और रणबीर कपूर आज यानी 14 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कपल रणबीर कपूर के घर वास्तु में एक प्राइवेट समारोह में शादी करेंगे। एक तरफ जहां आलिया और रणबीर अपनी शादी को लेकर अभी भी चुप्पी साधे हुए हैं, वहीं अब इनके वेडिंग फंक्शन्स को लेकर एक और खुलासा हुआ है। इस हाई प्रोफाइल शादी के बीच अब यह खबर आ रही है कि कपूर खानदान ने शादी के बाद होने वाले रिसेप्शन की जगह को बदल दी है।
Ranbir Alia Wedding: तो इस वजह से बदला रणबीर-आलिया के रिसेप्शन का वेन्यू, सामने आई ये बड़ी वजह
अब कहां होगा रिसेप्शन?
आलिया भट्ट के भाई राहुल भट्ट ने पहले कपल की शादी की जानकारी देते हुए कहा था कि दोनों मुंबई के ताज कोलाबा में फेरे लेगें। हालांकि, अब यह कपल रणबीर कपूर के घर वास्तु में शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। इसके बाद अब चर्चा है कि आलिया और रणबीर की शादी का रिसेप्शन, जो ताज कोलाबा में होने वाला था, अब कहीं और आयोजित किया जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो रिसेप्शन का वेन्यू अब बदलकर 'वास्तु' कर दिया गया है। इस ग्रैंड शादी का भव्य रिसेप्शन 16 अप्रैल को होगा।
क्या थी वेन्यू बदलने की असली वजह?
बॉलीवुड के गलियारों से आती खबरों की मानें तो मीडिया और पपराजी को मेहमानों की कारों के साथ हाथापाई करते हुए देखकर, रणबीर और आलिया के परिवारों ने अब रिसेप्शन को 'वास्तु' में ही करने का फैसला किया है। दरअसल, वास्तु मुंबई स्थित बांद्रा में रणबीर और आलिया का अपार्टमेंट है, जिसमें वह शादी के बाद शिफ्ट होने वाले हैं। इनके रिसेप्शन में चुनिंदा बॉलीवुड सेलेब्स ही शामिल होंगे और इसके लिए इनवाइट्स पहले ही भेजे जा चुके हैं।
ऐसे होंगी शादी की रस्में
बीते कई दिनों से आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी की तारीख को लेकर काफी विवाद हुआ था। लेकिन कल दूल्हे की मां नीतू कपूर और बहन रिद्धिमा कपूर साहनी के बयान के बाद आखिरकार इस बात की पुष्टि हो गई है कि आलिया और रणबीर आज यानी 14 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी की थीम पेस्टल होगी और दोनों सब्यसाची व मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए गए कपड़े पहनेंगे। शादी की रस्में सुबह 11 बजे से शुरू हो चुकी हैं। फेरे दोपहर करीब तीन बजे लिए जाएंगे। हल्दी की रस्म के बाद चूड़ा सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा।
ये होंगे गेस्ट
अभी तक इस हाई प्रोफाइल शादी की गेस्ट लिस्ट सामने नहीं आई है। लेकिन खबरों की मानें तो शादी की गेस्ट लिस्ट में करण जौहर, शाहरुख खान, संजय लीला भंसाली, आकांक्षा रंजन कपूर, अनुष्का रंजन, रोहित धवन, वरुण धवन, जोया अख्तर और कुछ और बॉलीवुड हस्तियां शामिल हैं।