एक्टर राजकुमार राव का असली नाम राजकुमार यादव है। अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके राजकुमार राव 34 साल के हो चुके हैं। उनका जन्म 31 अगस्त 1984 को गुड़गांव के अहीरवाल में हुआ था। उन्होंने गुड़गांव के ही ब्लू बैल्स मॉडल स्कूल से पढ़ाई की। आगे की पढ़ाई के लिए वो दिल्ली पहुंचे और यहां दिल्ली विश्वविद्यालय के आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की।
एक्टिंग में शौक के चलते राजकुमार राव पुणे में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से पढ़ाई की और उसके बाद मुंबई पहुंचे। राजकुमार राव बचपन से ही स्कूल में मिमिक्री किया करते थे। भले ही उन्हें एक्टिंग का शौक रहा हो लेकिन एक सफल करियर के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी।
मुंबई पहुंचकर राजकुमार राव डायरेक्टर और कास्टिंग डायरेक्टर्स के चक्कर लगाने लगे। इसी बीच उन्हें एक एड दिखा जिसमें लिखा था कि डायरेक्टर दिबाकर बनर्जी को अपनी नई फिल्म के लिए एक्टर्स की तलाश है। बस फिर क्या था राजकुमार राव ऑडीशन देने पहुंचे जहां वो फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' के लिए सेलेक्ट हो गए।
पहली ही फिल्म में राजकुमार राव को नोटिस किया गया और इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद वो अनुराग कश्यप की फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में नजर आए। जिसमें उनके द्वारा निभाए गए शमशाद आलम के किरदार को लोगों ने खूब पसंद किया।
साल 2013 राजकुमार राव के लिए अहम साबित हुआ। इसके बाद राजकुमार राव ने 'रागिनी एमएमएस', 'शैतान', 'चिटगॉन्ग' और 'तलाश' में छोटे-मोटे रोल निभाए। इसी साल राजकुमार राव को 'काय पो छे' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का फिल्मफेयर का अवॉर्ड मिला था। वहीं 'शाहिद' में दमदार एक्टिंग के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड दिया गया।