साल 2019 की पहली सुपरहिट फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किरदार में एक्टर रजित कपूर दिखाई दिए थे। उससे पहले फिल्म राजी में भी उनकी काफी तारीफ हुई थी। अमर उजाला ने उनसे एक खास मुलाकात की।
पीएम मोदी बनना आसान नहीं, ये किरदार निभा चुके इस एक्टर ने इंटरव्यू में खोले राज-कैसे की थी तैयारी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई फिल्में बन रही हैं, इन्हें लेकर आप जैसे वरिष्ठ अभिनेता का नजरिया क्या है?
लोगों की पसंद पर हमेशा फिल्म निर्माताओं की नजर रहती है। पीएम मोदी देश ही नहीं विदेश में भी मशहूर हैं। जब उरी फिल्म में मैं उनका किरदार कर रहा था तो एक बार भी मैंने उनकी कदकाठी पर ध्यान नहीं दिया कि वह कैसे चलते हैं, कैसे भाषण देते हैं। मैंने उनके काम करने के तरीके, उनके विचारों और रणनीतियों को अपने अभिनय में शामिल किया। मैंने कैमरे के सामने आने से पहले काफी रिसर्च की उन पर। मेरे करियर के तमाम चुनौती भरे किरदारों में हमेशा शामिल रहेगा पीएम मोदी का ये किरदार।
अब आप क्रिकेट की सियासत पर बनी फिल्म '22 यार्ड्स' में दिखने वाले हैं, इसके बारे में कुछ बताएं?
मैं एक बात दावे से कह सकता हूं '22 यार्ड्स' बिल्कुल अलग तरह की कहानी है। आज तक कभी इस तरह की बात कही नहीं गई। क्रिकेट पर आधारित इस फिल्म में पहली बार दर्शक मुझे एक नए अवतार में देखेंगे।
टीवी पर अब जासूसी सीरियल क्यों नहीं बनते, टेलीविजन सास-बहू और हॉरर तक ही क्यों सीमित होता जा रहा है?
टेलीविजन उद्योगा हमेशा बदलता रहता है। 90 के दशक में दर्शकों को जासूसी कहानियां बेहद पसंद आती थीं तभी उन दिनों ऐसे ढेर सारे सीरियल बनते थे। आजकल लोग जो देखना चाहते हैं निर्माता वैसे ही सीरियल बनाने लगे हैं।
ब्योमकेश बख्शी जैसे सीरियल क्या कभी दोबारा बन सकते हैं?
ब्योमकेश बख्शी जैसे सीरियल अब नहीं बन सकते। अब वेब सीरीज का जमाना आ गया है। 90 के दशक का वो दौर मुझे याद है जब मेरे केमिस्ट ने मुझसे कहा था कि आपका सीरियल देखने के लिए मैं अपनी दवा की दुकान भी बंद कर देता था।