अपनी फिल्म 'रेड' से अजय देवगन ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 85 करोड़ की कमाई कर ली है। इससे पहले अजय की फिल्म 'गोलमाल अगेन' 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई थी। हाल ही में अजय ने 1000 करोड़ की कमाई करने वाली 'बाहुबली' पर बड़ा बयान दिया।
अजय देवगन से जब डिजिटल माध्यम के तेजी से बढ़ने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'डिजिटल के इस जमाने में अच्छी फिल्में बनाना जरूरी है। दर्शकों को थिएटर तक लाने के लिए बेहतरीन फिल्में बनानी होंगी। ऐसी फिल्में बनाई जानी चाहिए जिसे बड़े परदे पर देखकर ही अनुभव किया जाए।
अजय आगे कहते हैं, 'डिजिटल कितना भी आगे क्यों ना बढ़ जाए सिनेमा हॉल तो कभी खत्म नहीं होंगे। अब आपको कोई फिल्म बनाने से पहले यह सोचना होगा कि आप क्या बना रहे हैं। अब हमें बाहुबली जैसी फिल्में बनानी होंगी, बाहुबली जैसी फिल्म को डिजिटल पर देखकर फील नहीं कर सकते।'
'उसे देखने के लिए आपको बड़े परदे तक जाना ही होगा। यही वजह है कि बाहुबली ने इतना अच्छा बिजनेस किया है। अच्छी और बड़ी फिल्म बनाने के लिए पैशन होना बहुत जरूरी है। जब डायरेक्टर-प्रोड्यूसर फिल्म बनाते समय यह सोचना बंद करेंगे कि खर्चा कितना होगा, नुकसान कितना होगा, तब जाकर बाहुबली जैसी फिल्म बनेगी।'
'यह काम सिर्फ राजामौली जैसे निर्देशक ही कर सकते हैं, जो अपने 4 से 5 साल सिर्फ एक फिल्म बनाने में लगा देते हैं। फिल्मकार के पास साफ-सुथरा विजन होना चाहिए, यह नहीं सोचना चाहिए कि एक फिल्म बनाने में इतने साल लग जाएंगे और इतने समय में तो वह और ज्यादा पैसे कमा लेंगे।'