मुस्लिम यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष आमिर रशीद ने प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता कमल हासन के मुंह पर कालिख पोतने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। उन्होंने कमल हासन पर हिंदुत्व को बदनाम करने का आरोप भी लगाया है।
ये भी पढ़ें- विवादित बयान को लेकर अभिनेता कमल हासन के खिलाफ याचिका दाखिल, 22 को होगी सुनवाई
आमिर रशीद ने कमल हासन के हिंदू आतंकवाद के बयान पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ओछी राजनीति करने वाले ऐसी बयानबाजी कर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने से बाज आएं। हिंदू धर्म अनुयायी कभी निर्दोष की हत्या व हिंसा में विश्वास नहीं रखते।
ये भी पढ़ें- अभिनेता कमल हासन ने एक बार फिर दिए राजनीति में आने के संकेत
उन्होंने कहा कि हिंदू न कभी कट्टरपंथी था और न है। इसका प्रमाण है कि भारत में विश्व के सभी धर्मों के मानने वाले शान से रह रहे हैं। यह हिंदुत्व की विशालता ही है, जिसने भारत की पुण्य भूमि को विश्व भर के धर्मों के लिए समागम स्थल बना दिया है।
आमिर रशीद ने कहा कि ओछी राजनीति करने वालों ने पाकिस्तान व बांग्लादेश में हिंदुओं की घटती जनसंख्या के विषय को कभी नहीं उठाया है। इन लोगों को केरल में निर्दोष लोगों की हत्याएं नहीं दिखती। सेकुलरिज्म के ठेकेदारों को हिंदुओं के दमन व उत्पीड़न नहीं दिखते।
उन्होंने कहा कि राजनीति के लिए धर्म को बदनाम कर लोगों को उकसाने वालों को शर्म आनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ के भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय ने कुछ महीने पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनजी के खिलाफ बयान देकर राष्ट्रीय मीडिया में सुर्खियों में आए थे। उसके बाद आमिर रशिद ने कमल हसन के मुंह पर कालिख पोतने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने का एलान कर सनसनी फैला दी है।