'घर से निकलते ही कुछ दूर चलते ही...' गाने की हीरोइन तो आपको याद ही होंगी । इस हीरोइन का नाम है मयूरी कांगो । ये फिल्म थी 'पापा कहते हैं' और इसमें मयूरी लीड रोल में थीं । मयूरी के हीरो थे जुगल हंसराज। इस फिल्म से मयूरी को फिल्म इंडस्ट्री में पहचान मिली थी और वो रातोंरात स्टार बन गई थीं। मयूरी ने साल 2009 में फिल्म 'कुरबां' की थी ।
ये उनकी आखिरी फिल्म थी, इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दी । अब मयूरी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है । दरअसल, मयूरी कांगो ने ‘गूगल इंडिया’ जॉइन कर लिया है। उन्हें यहां पर इंडस्ट्री हेड की कमान सौंपी गई है। इससे पहले वो ‘पब्लिसिस ग्रुप’(Publicis Groupe) की इकाई ‘Performix.Resultrix’ की पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर थीं ।
मयूरी चकाचौंध की दुनिया से दूर अब इंटरनेशनल कंपनी में बड़ी पोस्ट पर काम कर रही हैं । मयूरी के बॉलीवुड करियर की बात करें तो महेश भट्ट ने उन्हें लॉन्च किया था । उन दिनों महेश भट्ट 'पापा कहते हैं' नाम से फिल्म बना रहे थे । उन्हें एक नए और मासूम से दिखने वाले चेहरे की तलाश थी और उनकी ये तलाश मयूरी कांगो के रूप में पूरी हुई।
मयूरी को महेश भट्ट ने उनकी पहली फिल्म में देखा जो फ्लॉप रही, लेकिन इस फिल्म में महेश भट्ट को मयूरी की एक्टिंग इतनी पसंद आई कि कह उठे, 'बस, ये नीली आंखों वाली लड़की ही मेरी अगली फिल्म की लीड हीरोइन होगी।' फिल्म आई और आते ही सुपरहिट हो गई ।
मयूरी कांगो को भी इस फिल्म ने टॉप की हीरोइनों में लाकर खड़ा कर दिया। ये डेब्यू इतना सुपरहिट रहा कि लोगों को लगा इंडस्ट्री की बाकी हीरोइनों को कड़ी टक्कर देने वाला मिल गया है। पहली फिल्म ने उन्हें रातोंरात स्टार तो बना दिया लेकिन उन्हें वैसे रोल नहीं मिले जैसे वो चाहतीं थीं।