सोशल मीडिया इस समय एक ऐसी चीज है जिससे दूर रहना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम की इस दुनिया में कई सितारे हैं जिन्होंने इन्हीं माध्यमों से अपने मजेदार कंटेंट से लोगों के दिलों में जगह बनाई है। इन्हीं में एक हैं मल्लिका दुआ। इंटरनेट पर अपनी कॉमेडी से लोगों का दिल जीतने वाली मल्लिका दुआ आज यानी 17 जुलाई को अपना जन्मदिन मना रही हैं। मल्लिका दुआ एक अभिनेत्री, हास्य कलाकार और लेखिका हैं। वह अपनी ऑन- पॉइंट कॉमिक टाइमिंग के लिए जानी जाती हैं। अभिनेत्री को 'शिट पीपल से : सरोजिनी नगर' एडिशन के वायरल वीडियो से प्रसिद्धि मिली थी, जिसे दुआ ने अपने आप लिखा, स्टाइल और एक्ट किया था। उनके जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको उनके बारे में बताने जा रहे हैं।
Mallika Dua: किंग खान के साथ भी काम कर चुकी हैं हंसी-ठिठोली करने वालीं मल्लिका, जानें मशहूर पत्रकार की बेटी का सफर
जर्नलिस्ट की बेटी हैं मल्लिका
मल्लिका दुआ का जन्म 17 जुलाई, 1989 में मशहूर पत्रकार विनोद दुआ के घर हुआ था। गौरतलब है कि वह आधी-पंजाबी और आधी-तमिल ब्राह्मण हैं। मल्लिका ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड, नई दिल्ली से की थी। स्कूलिंग खत्म करने के बाद मल्लिका ने अपनी ग्रेजुएशन कंप्लीट की। दिल्ली में कॉलेज पूरा करने के बाद मल्लिका ने अमेरिका ने फ्रैंकलिन और मार्शल कॉलेज से थिएटर मेजर का कोर्स भी किया। मल्लिका ने अपना करियर एडवरटाइजिंग मैककेन एरिकसन में एक ट्रेनी के तौर पर शुरू किया था।
यहां से शुरू हुआ कॉमेडियन बनने का सफर
अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद मल्लिका साल 2016 में में एक फुल टाइम एंटरटेनर बनने के लिए मुंबई चली गई थीं। माया नगरी पहुंचने के एक साल के बाद 2017 में उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च कर दिया था। अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो बनाने के साथ ही मल्लिका 'ऑल इंडिया बकचोद' में भी नजर आई थीं। इसके बाद उन्हें जाने-माने कॉमेडियन अमुक राजा के साथ 'गर्लियापा' के पहले एपिसोड में देखा गया था। मल्लिका दुआ को हम इन वीडियोज के अलावा फिल्म्स और वेब सीरीज में भी देख चुके हैं। उन्होंने वेब सीरीज 'द ट्रिप' और फिल्म 'हिंदी मीडियम' जैसी फिल्म में भी अहम भूमिका निभाई है। इतना ही नहीं मल्लिका को जाकिर खान और हुसैन दलाल के साथ 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेन्ज' में भी लोगों को हंसाते देखा गया है।
किंग खान के साथ भी किया काम
मल्लिका दुआ ने 'द ट्रिप' में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने के बाद इसके दूसरे पार्ट में भी नजर आ चुकी हैं। इतना ही नहीं वेब सीरीज में काम कर लोगों के बीच मिली प्रशंसा के बाद उन्हें बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान के साथ भी काम करने का मौका मिला था। फिल्म 'जीरो' में मल्लिका ने एक गेस्ट रोल प्ले किया था। मल्लिका ने ‘इंदु की जवानी’ फिल्म में भी काम किया है। इसमें उनके साथ कियारा आडवाणी लीड रोल में दिखाई दी थीं।
महिलाओं के लिए करती हैं काम
मल्लिका महिला सशक्तिकरण को लेकर भी बहुत कुछ करती रहती हैं। इसके कारण भी वह काफी समय तक चर्चाओं में रही थीं। महिलाओं का साथ देने के लिए हमेशा आगे रहने वाली मल्लिका 'मी टू कैंपेन' में भी काफी एक्टिव रही थीं। मल्लिका को हम कई बार लोगों के सामने अपनी बातें रखते हुए देख ही चुके हैं। वह बड़ी बेबाकी से लोगों के सामने अपनी बात रखती हैं और उनका यह अंदाज भी लोगों को बहुत पसंद है।