क्या आपको एक्ट्रेस
खुशबू याद हैं जिन्होंने फिल्म
'मेरी जंग' में
अनिल कपूर की बहन का किरदार निभाया था ? इस किरदार से तो वो चर्चा में आई हीं, जावेद जाफरी के साथ उनके गाने 'रॉक एन रोल' में भी उनके लटकों-झटकों ने खूब सुर्खियां बटोरीं।
कहने का मतलब है कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री की किसी भी हीरोइन ने इतनी सुर्खियां नहीं बटोरीं जितनी कि खुशबू ने, लेकिन अपने करियर से ज्यादा वो अपनी पर्सनल लाइफ और बोल्ड बयानों को लेकर चर्चा में रहीं।
80 और 90 के दशक में खुशबू का फिल्म इंडस्ट्री में खूब बोलबाला था। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट हिंदी फिल्मों से की। 'द बर्निंग ट्रेन', 'थोड़ी सी बेवफाई', 'लावारिस', 'नसीब', 'कालिया', 'दर्द का रिश्ता' जैसी फिल्मों में खुशबू ने चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर अपनी जो छाप छोड़ी वो आज भी कायम है।
1985 तक चाइल्ड आर्टिस्ट के रुप में लोगों के दिलों पर राज करने के बाद खुशबू ने हीरोइन के तौर पर कई बॉलीवुड स्टार्स के साथ काम किया जिनमें जैकी श्रॉफ से लेकर गोविंदा, आमिर खान और माधुरी दीक्षित तक शामिल हैं। 1992 तक खुशबू ने बॉलीवुड में अपना परचम लहराया और इसके बाद उन्होंने साउथ का रुख कर लिया।
वहां जाकर खुशबू ने अपनी ऐसी छटा बिखेरी कि सभी उनके मुरीद हो गए। तमिल और तेलुगु फिल्मों में खुशबू का स्टारडम धीरे-धीरे बढ़ने लगा। फैंस उन्हें लेकर इस कदर पागल हो गए कि फिल्मों के टिकट पाने के लिए सिनेमाघरों के आगे लाइन लगाए रहते।