दिग्गज एक्टर, स्क्रीनराइटर और डायलॉग राइटर कादर खान का सोमवार को कनाडा में निधन हो गया। जिसके बाद Mississauga में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। कादर खान के निधन पर अमिताभ बच्चन समेत कई सेलिब्रिटीज ने दुख जताया, हालांकि कई एक्टर्स ऐसे रहे जिन्होंने कादर खान के साथ वैसे तो कई हिट फिल्में दीं लेकिन जब उनकी बीमारी की खबर आई तो बिल्कुल नजरअंदाज कर दिया।
कादर खान के बेटे सरफराज इंडस्ट्री की इस बेरुखी से बेहद आहत हैं। एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए सरफराज ने कहा कि 'वो फिल्म इंडस्ट्री में अमिताभ बच्चन को सबसे ज्यादा प्यार करते थे। जब मैं अपने पिता से पूछता था कि वो किसे सबसे ज्यादा याद करते हैं तो वो बच्चन साहब का नाम लेते थे। अमिताभ बच्चन की ओर से भी ऐसा ही था। मेरे पिता ने अपने आखिरी वक्त में उनसे बात की थी।'
वहीं जब गोविंदा के बारे में पूछा गया तो सरफराज ने कहा कि 'कृपया गोविंदा से पूछिए कि उन्होंने मेरे पिता के बारे में कितनी बार पूछा था। क्या उन्होंने पिता के निधन के बाद एक बार भी हमें फोन किया? फिल्म इंडस्ट्री में लोग बोलते कुछ और हैं और करते कुछ और हैं। आज जो टॉप एक्टर्स हैं वो पुराने एक्टर्स के साथ तस्वीरों में तो देखें जाते हैं लेकिन ये प्यार केवल तस्वीरों तक ही हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं। मेरे पिता भाग्यशाली थे कि उनके तीनों बेटों ने उनका ध्यान रखा लेकिन उनका क्या जो आखिरी दिनों में कठिनाईयों के बीच जिंदगी बिताई।'
बता दें कि कादर खान के साथ गोविंदा ने करीब 41 फिल्मों में काम किया है। दोनों की जोड़ी ने दर्शकों को खूब हंसाया और रुलाया। कादर खान कभी गोविंदा के पिता बने तो कभी ससुर। ये जोड़ी हमेशा नंबर वन रही। कादर खान के निधन के बाद गोविंदा ने ट्वीट किया था कि 'वो मेरे उस्ताद ही नहीं बल्कि पिता के समान थे । उनके जाने से मैं बहुत दुखी हूं और फिल्म जगत का हर शख्स दुखी है।'
5 of 5
kader khan
- फोटो : twitter
अमिताभ बच्चन ने भी अपने ट्वीट में कादर खान के जाने का दुख जाहिर किया। अमिताभ ने लिखा कि 'कादर खान गुजर गए। दुखद और निराशाजनक खबर। मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं। वह प्रतिभा के धनी और फिल्मों के लिए समर्पित कलाकार थे। वह गजब के लेखक थे। मेरी ज्यादातर कामयाब फिल्में उन्हीं ने लिखीं। मेरे अजीज दोस्त और गणितज्ञ भी थे।'