बॉलीवुड एक्टर इरफान खान इस समय न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज करवा रहे हैं। उनका इलाज लंदन में चल रहा है। इस बीच इरफान की फिल्म 'हिंदी मीडियम' ने एक बार फिर से रिकॉर्ड कायम किया है। यह फिल्म भारत ही नहीं अब चीन में भी तारीफ बटोर रही है।
इरफान की फिल्म 'हिंदी मीडियम' ने चीन में पहले ही दिन बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म 'बजरंगी भाईजान' और आमिर खान की फिल्म 'दंगल' को पीछे छोड़ दिया है। 'हिंदी मीडियम' चीन में 4 अप्रैल को 2018 रिलीज हुई। फिल्म की धमाकेदार ओपनिंग ने सभी को हैरान कर दिया है।
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला के ट्वीट के अनुसार फिल्म 'हिंदी मीडियम' ने पहले ही दिन 24 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। वहीं बात की जाए सलमान की फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के पहले दिन के कलेक्शन की तो इस फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर कुल 14 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी।
बताया जा रहा है कि 'हिंदी मीडियम' जल्द ही 'बजरंगी भाईजान' और 'दंगल' के सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है। आपको बता दें कि 'हिंदी मीडियम' भारत में साल 2017 में रिलीज हुई थी। फिल्म में इरफान खान के अलावा सबा कमर और दीपक डोपरियाल मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म कॉमेडी ड्रामा से भरपूर फिल्म है।