'आइफा इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अवॉर्ड 2018' इस बार बैंकॉक में मनाया जा रहा है। इस खास अवॉर्ड फंक्शन में हिस्सा लेने के लिए बॉलीवुड के सितारें एक साथ जमीं पर उतरे और इस मौके को और भी खास बना दिया। कुछ सेलिब्रिटीज ने अपने ठुमकों से लोगों को दिल जीता तो किसी की ड्रेस चर्चा में रही।
तीन दिनों तक चलने वाले 'आइफा अवॉर्ड' में बॉलीवुड के दिग्गज सितारें नजर आए जिन्होंने अपनी मौजूदगी से रेड कारपेट में मानो आग ही लगा दी। अनिल कपूर, बॉबी देओल, दिया मिर्जा, साहिल संगा, कोंकणा सेन शर्मा, यूलिया, डायना पेंटी, वरुण धवन, श्रद्धा कपूर और अर्जुन कपूर के अलावा और कई स्टार्स भी इस शाम का हिस्सा बनें।
'आइफा 2018' में कई फिल्मों ने अवॉर्ड जीते। टेक्निकल फील्ड की बात करें तो रणबीर कपूर की फिल्म 'जग्गा जासूस' ने एक साथ तीन अवॉर्ड अपने नाम किए। बैकग्राउंड स्कोर, बेस्ट कोरियोग्राफी और स्पेशल अफेक्ट के अवॉर्ड इस फिल्म ने जीते। वहीं 'बरेली की बर्फी' के लिए नितेश तिवारी और श्रेयस जैन को बेस्ट स्क्रीनप्ले का अवॉर्ड मिला।
इसके साथ ही 'शुभ मंगल सावधान' फिल्म के लिए हितेश को बेस्ट डायलॉग, दिलीप सुब्रह्मण्यम् और गनेश गंगधरन को बेस्ट साउंड डिजाइन का अवॉर्ड 'टाइगर जिंदा है' फिल्म के लिए दिया गया। इसके अलावा 'न्यूटन' को बेस्ट एडिटिंग, 'हवाएं' गाने के लिए अरिजीत सिंह को बेस्ट मेल सिंगर तो वहीं मेघना शर्मा को बेस्ट फीमेल सिंगर का अवॉर्ड 'सीक्रेट सुपरस्टार' फिल्म के गाने 'मैं कौन हूं' के लिए दिया गया।
'आइफा 2018' शुरू होने से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेस भी हुई थी जिसमें करण जौहर ने बड़ा बयान दिया था। करण जौहर ने कहा था - 'आइफा में हमेशा हम लोगों का मकसद लोगों को किसी ने किसी चीज के प्रति जागरूक करना होता है। दिया आपको इस काम के लिए शुक्रिया।' इसके साथ ही करण ने कहा कि 'इस कैंपेन की टैगलाइन फिल्म इंडस्ट्री पर भी लागू होती है। अगर आप लोगों को मौका नहीं देंगे तो उनकी प्रतिभा एक दिन खत्म हो जाएगी।'