बीते कुछ महीनों में अपनी बढ़िया सुविधा और दमदार कंटेंट के सहारे कई ओटीटी प्लैटफॉर्म ने दर्शकों के दिल में अपनी जगह बनाई है। कोरोना काल में सिनेमा हॉल के लंबे समय तक बंद रहने के कारण बड़ी संख्या में सिनेमा प्रेमियों ने ओटीटी का रुख किया है। ओटीटी इसलिए भी लोगों की पसंद बन गई है क्योंकि दर्शकों को यहां लेटेस्ट फिल्मों के अलावा भी बहुत कुछ मिलता है। आपको बता रहे हैं ओटीटी प्लैटफॉर्म पर मौजूद कुछ ऐसी ही धाकड़ फिल्मों के बारे में जिन्हें आपको जरूर देखना चाहिए।
चायपत्ती
चायपत्ती नाम की यह शॉर्ट फिल्म एमएक्स प्लेयर पर मौजूद है। इसका निर्देशन सुधांशु राय ने किया है। इसमें शोभित सुजय, अभिषेक सोनपलिया और प्रियंका सरकार प्रमुख भूमिका निभाते नजर आते हैं। फिल्म में तीन अलग अलग व्यक्तित्व वाले दोस्त एक किताब की मदद से भूत को आमंत्रित करते हैं। प्रयोगों से भरी यह कहानी बेहद मनोरंजक है।
इश्क की गूगली
वूट पर मौजूद नीरज उधवानी की फिल्म 'इश्क की गूगली' 2019 में रिलीज हुई थी। इस शॉर्ट फिल्म में यह देखना दिलचस्प है कि कैसे एक पति अपनी पत्नी के प्रेमी की हत्या की योजना बनाता है लेकिन परिस्थिति उसके प्लान के विपरीत हो जाती है। इसमें मनु ऋषि चड्ढा और अमोल पराशर मुख्य भूमिका निभाते हैं।
व्हाट डिड जैक डू
'व्हाट डिड जैक डू', एक अमेरिकन ब्लैक एंड व्हाइट फिल्म है जिसका निर्देशन डेविड लिंच ने किया है। 2017 में आई इस फिल्म की कहानी एक जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक कैपुचिन बंदर से पूछताछ करता है जिसने संभवतः एक हत्या की थी।
टैप टैप
वूट पर मौजूद फिल्म 'टैप टैप' का निर्देशन प्रवीण फर्नांडिस ने किया है। इसमें बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडेय नजर आते हैं। इसमें एक संगीतकार की कहानी बयां की गई है जो 18 साल बाद वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार, उसके पास अपनी पूर्व हवेली और अत्याधुनिक स्टूडियो की विलासिता या आराम नहीं है। उसे एक छोटे से इमारत में ही अपने संगीत को बनाना है।