भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। एम्स में भर्ती वाजपेयी बुधवार से जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं। भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता और भारत की मशहूर शख्सियत अटल बिहारी वाजपेयी की उम्र 93 साल है। एक राजनेता के अलावा वाजपेयी एक जाने-माने साहित्यकार और पत्रकार भी रह चुके हैं। उनकी ढेरों रचनाएं आज भी कई साहित्य प्रेमियों के दिलों को छुती हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी की कुछ कविताओं को तो हिंदी सिनेमा में भी फिल्माया गया है। उन्हीं में से एक उनकी मशहूर कविता 'क्या खोया क्या पाया जग में' है। वाजपेयी जी इस कविता से हर कोई वाकिफ है। उनकी इस कविता को साल 1999 में एक्टर शाहरुख खान पर फिल्माया गया है। 'क्या खोया क्या पाया जग में' कविता को मशहूर गायक जगजीत सिंह ने अपनी खूबसूरत आवाज में गाया है।
बात करें 'क्या खोया क्या पाया जग में' कविता के वीडियो की तो जिंदगी के कई पहलुओं को समझाती इस कविता के वीडियो की शुरुआत में ही वाजपेयी को दिखाया गया है। इसके बाद वीडियो में कई जगह शाहरुख खान और अटल बिहारी वाजपेयी की कई तस्वीरें देखने को मिलती है। वाजपेयी जी की इस कविता के वीडियो को सारेगामा गजल ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है।
इस एलबम का नाम 'संवेदना' है। अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने साहित्यिक जीवन में 'क्या खोया क्या पाया जग में' कविता के अलावा 'मौत से ठन गई', 'मैं न चुप हूं न गाता हूं' और 'राह कौन सी जाऊं मैं' जैसे कई शानदार कविताएं लिखी हैं। माना जाता है कि वाजपेयी भारत के ऐसे प्रधानमंत्री थे जिनका विपक्षी पार्टियां भी काफी सम्मान करती थीं।
बात करें उनकी तबियत की तो एम्स ने कल रात एक बयान में कहा, ‘दुर्भाग्यवश, उनकी हालत बिगड़ गई है। उनकी हालत गंभीर है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।’मधुमेह से ग्रस्त वाजपेयी की एक ही किडनी काम करती है। 2009 में उन्हें आघात आया था, जिसके बाद उन्हें लोगों को जानने-पहचानने की समस्याएं होने लगीं। बाद में उन्हें डिमेशिया यानी भूलने की बीमारी भी हो गई। अब वह किसी को पहचान नहीं पाते हैं।