भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ फिल्मों के बाद अब राजनीति में जलवा दिखाते नजर आने वाले हैं। हाल ही में 'निरहुआ' ने लोकसभा उपचुनाव में आजमगढ़ से शानदार जीत हासिल की है। सपा के गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ में सेंध लगाकर निरहुआ ने बता दिया है कि वह राजनीति की लंबी पारी खेलने के लिए आए हैं। उनकी जीत से फैंस तो खुश हैं ही साथ ही उनके कोस्टार भी उनकी सफलता से काफी उत्साहित हैं। इस जीत के बाद उनके चाहने वाले समेत साथ काम करने वाले साथी उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।
Amrapali Dubey: निरहुआ की जीत पर आम्रपाली दुबे ने जमकर मनाया जश्न, खास अंदाज में दी बधाई
निरहुआ के साथ आम्रपाली दुबे की जोड़ी काफी सुपरहिट रही है। दोनों ने एक साथ कई बड़ी हिट फिल्में दी हैं। उनकी इस शानदार जीत का जश्न आम्रपाली भी मना रही हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर निरहुआ को जीत की बधाई दी है। उन्होंने भोजपुरी स्टार के साथ फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'आज़मगढ़ में कमल खिल गया बधाई हो सांसद जी। आज़मगढ़ की जनता की सेवा तो आप पहले भी करते थे, लेकिन आज आज़मगढ़ की जनता ने भी आपको सेवा करने का अधिकार और आशीर्वाद दे दिया है जयश्रीराम।'
इसके कुछ देर बात आम्रपाली में एक और फोटो पोस्ट किया जिसमें निरहुआ एक्ट्रेस को मिठाई खिलाते नजर आ रहे हैं। फोटो के साथ आम्रपाली ने कैप्शन में लिखा, 'आजमगढ़ मुंह मीठा कर लीजिए।' आम्रपाली की इन दोनों पोस्ट पर लोग जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। ज्यादातर फैंस इस पोस्ट पर अपने फेवरेट स्टार को मुबारकबाद दे रहे हैं।
गौरतलब है कि निरहुआ की कोस्टार होने के साथ आम्रपाली उनकी अच्छी दोस्त भी हैं। उनकी इस जीत में आम्रपाली का भी बहुत बड़ा योगदान है। आजमगढ़ में निरहुआ को जिताने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। उन्होंने निरहुआ के लिए खूब प्रचार किया। साथ ही घर-घर जाकर लोगों से उन्हें वोट देने की अपील भी की थी।