KBC 14: कोरोना पॉजिटिव होने से परेशान हुए अमिताभ, लिखा- कोरोना जीत गया...अगर यह कहूं कि मैं निराश हूं तो...
बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन टीकाकरण, बूस्टर और सावधानियों के बावजूद दूसरी बार COVID पॉजिटिव होने की वजह से दुखी और निराश हैं।
विस्तार
बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन दूसरी बार कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद बेहद दुखी और निराश हैं। उनके नवीनतम ब्लॉग को पढ़कर ऐसा लग रहा है जैसे वह असहाय हैं और धीरे-धीरे उम्मीद खो रहे हैं। लेकिन वह बॉलीवुड के शहंशाह हैं और वापसी करेंगे क्योंकि अभी उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए लाखों लोग दुआएं कर रहे हैं- यही उनकी असली कमाई है।
कोविड से लड़ाई के बारे में बात करते हुए उन्होंने अपने ब्लॉग में उल्लेख किया कि वह एक बार कोविड से निराश हैं। उन्होंने लिखा, "फिर भी तमाम सावधानियों और इसकी रोकथाम के लिए खुराक के बावजूद..पहला इंजेक्शन, दूसरा इंजेक्शन और उसके बाद बूस्टर.. कोविड जीत गया और विजयी निकला। अगर यह कहूं कि मैं निराश हूं तो यह अंडर स्टेटमेंट होगा..यह चिंता की बात होगी, जो मुझे अपने आसपास के करीबी लोगों के लिए है"।
कोरोना होने की वजह से रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति 14 की शूटिंग पर भी असर पड़ा है। इसे लेकर बिग बी भी चिंता में हैं। वे लिखते हैं- वर्कफ्रंट पर अचानक से इश्यू आना, वो जितनी एडजस्टमेंट कर सकते हैं कर रहे, खोए हुए समय को कैसे पकड़े, खासकर टीवी कार्यक्रम के मामले में, जैसा कि सभी जानते हैं इसमें काफी समय लगता है। सेटअप और कॉर्डिनेट करने में एनर्जी लगती है। ये बेबसी सिस्टम पर हमला करती है... इस बीच जो लोग आश्वासन देते हैं कि सब ठीक हो जाएगा, ये उनका साहस है।
अमिताभ बच्चन के मुताबिक, उनकी हेल्थ का अपडेट शेयर करना पॉइंटलेस है। मालूम हो, बिग बी को 2020 में कोरोना हुआ था। तब एक्टर को कुछ हफ्ते अस्पताल में बिताने पड़े थे। सबसे पहले बच्चन परिवार में अभिषेक को कोरोना हुआ था फिर ऐश्वर्या राय को भी कोरोना हुआ था।
अमिताभ बच्चन कौन बनेगा करोड़पति का 14वां सीजन होस्ट कर रहे हैं। शो को हर साल की तरह इस बार भी फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है। केबीसी के 14वें सीजन को अभी तक करोड़पति नहीं मिला है। केबीसी के बैकअप में एपिसोड हैं इसलिए अभी तक शो ऑनएयर हो रहा है। बाकी बिग बी कब शूट पर लौटते हैं, कब ठीक होते हैं...कब तक बैकअप एपिसोड बचते हैं या खत्म होते हैं, इसकी कोई ऑफिशियल जानकारी अभी सामने नहीं आई है।