साल 1982...सांस बंदे होने को थीं, लेकिन फैंस की प्रार्थना ने
बॉलीवुड के
शहंशाह अमिताभ बच्चन को बचा लिया था...ये बात है फिल्म 'कुली' के दौरान की। आज ही के दिन करीब 35 साल पहले अमिताभ के साथ फिल्म के सेट पर ऐसा हादसा हुआ था जिससे उनकी जान पर बन आई थी।
सेट के दौरान एक फाइट सीन के दौरान विलेन का घूंसा उनके पेट में जोर से लगा और उन्हें गहरी चोट आई। ये चोट किस कदर गहरी थी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वो अमिताभ बच्चन की जिंदगी और मौत का सवाल बन गई थी।
अमिताभ बच्चन की जान तो बच गई लेकिन इस हादसे ने एक्टर पुनीत इस्सर को लोगों की नजरों में विलेन बना दिया।
दरअसल 'कुली' में पुनीत इस्सर विलेन के किरदार में थे और वो फाइट सीन अमिताभ और पुनीत के बीच था। शूट के दौरान पुनीत को अमिताभ के पेट में कुछ पंच मारने थे जो दिखावटी थे। जैसे ही शूट शुरू हुआ और पुनीत इस्सर ने अमिताभ को उठाकर टेबल पर फेंका, अमिताभ ने पल्टी मारी और वो टेबल से गिर गए। इसी दौरान अमिताभ को पेट में गहरी चोट लगी और उन्होंने कहा, 'मुझे लग गई है।'
इस घटना के बाद करीब 72 घंटों तक अमिताभ को ऑपरेट नहीं किया गया जिसकी वजह से अमिताभ की परेशानी और बढ़ गई। जब अस्पताल में एडमिट कराया गया तो उनकी जिंदगी और मौत से लड़ाई शुरू हो गई।
एक तरफ अमिताभ की अस्पताल में जद्दोजहद जारी थी तो दूसरी तरफ पुनीत इस्सर इस शर्मिंदगी में मरे जा रहे थे कि उनकी वजह से अमिताभ की जिंदगी पर आंच आ गई।