बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद अब भारतीय टीम की नजर टी20 सीरीज पर है। छह अक्तूबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की इस सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में टीम की घोषणा भी की थी। हैरानी की बात यह है कि इस टीम में ऋतुराज गायकवाड़ को नहीं चुना गया है। अब एक रिपोर्ट में उनके बोर्ड द्वारा नहीं चुने जाने की वजह का खुलासा हुआ है।
2 of 5
ऋतुराज गायकवाड़
- फोटो : ruutu.131
भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार से शुरू होने जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए सूर्यकुमार यादव को कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है जबकि युवाओं को मौका मिला है। जिम्बाब्वे दौरे पर दमदार प्रदर्शन करने वाले ऋतुराज गायकवाड़ को इस टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है। वह फिलहाल ईरानी कप में खेलते नजर आ रहे हैं।
3 of 5
ऋतुराज गायकवाड़
- फोटो : ruutu.131
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, युवा बल्लेबाज को आगामी टी20 सीरीज के लिए नहीं चुनने के पीछे भारतीय चयनकर्ताओं की एक रणनीति है। एक सूत्र के अनुसार, भारत को इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस दौरान रोहित और जायसवाल भारत के सलामी बल्लेबाज होंगे। उनके बैकअप के तौर पर गायकवाड़ को चुना जा सकता है।
4 of 5
ऋतुराज गायकवाड़
- फोटो : ruutu.131
सूत्र ने कहा- नियमित टी20 सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल को आराम दिए जाने के बावजूद बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मैचों के लिए गायकवाड़ को नहीं चुने जाने पर काफी हंगामा हुआ। चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उन्हें ऑस्ट्रेलिया में तीसरे सलामी बल्लेबाज के रूप में चाहते हैं। आपको वहां तीसरे सलामी बल्लेबाज की जरूरत पड़ सकती है, क्योंकि पांच टेस्ट मैचों की लंबी सीरीज के दौरान किसी भी बल्लेबाज को चोट लग सकती है। तीसरे ओपनर के लिए गायकवाड़ से बेहतर कोई और उम्मीदवार नहीं है। उन्हें लाल गेंद के मैच खेलते रहना चाहिए। यही कारण है कि उन्हें ईरानी कप में शेष भारत का नेतृत्व करने के लिए कहा गया है।
5 of 5
रोहित और यशस्वी
- फोटो : BCCI
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल बतौर सलामी बल्लेबाज खेलते हैं। हालांकि, टीम इंडिया के पास इनका बैकअप नहीं है। ऐसे में गायकवाड़ एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। अब सवाल उठता है कि शुभमन गिल भी सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेल सकते हैं तो गायकवाड़ की क्या जरूरत? इसका जवाब है कि गिल को अब तीसरे स्थान पर रखा गया है जबकि विराट कोहली नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हैं। इसलिए चयनकर्ता कथित तौर पर ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए बैकअप ओपनर के तौर पर ऋतुराज को टीम में शामिल करने के इच्छुक हैं। ऋतुराज ने भारत के लिए अब तक खेले 23 टी20 मैचों में एक शतक और चार अर्धशतकों की मदद से 633 रन बनाए हैं।