कप्तान विराट कोहली (61*) की धमाकेदारी पारी और क्रुणाल पांड्या की शानदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने रविवार को तीसरे व अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की। आइए जानते हैं जीत के बाद विराट ने क्या कहाः
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर टीम इंडिया को जीत के लिए 165 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में टीम इंडिया ने दो गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 19.4 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
जीत के बाद विराट ने कहा, 'चीजें काफी आसान हो जाती है जब आपको शुरुआत अच्छी मिल जाए। रोहित शर्मा और शिखर धवन दोनों ने हमारे लिए काम आसान कर दिया। मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मैक्सी और जंपा ने अच्छी गेंदबाजी की। स्कीलवाइज यदि बात करें तो हम ऑस्ट्रेलिया से बेहतर थे।'
कोहली ने आगे कहा, ' मुझे लगता है कि आज गेंद के साथ हम ज्यादा प्रोफेशनल थे। मुझे लगा था कि यह 180 का विकेट होगा। यदि ऐसा होता तो 15 रन बनाना कठिन होता। डीके ने आखिरी में वाकई बढ़िया किया। बराबर की सीरीज इस बात को अच्छे से दर्शाता है कि दोनों टीमें कैसी खेलीं।'
बता दें कि अब दोनों टीमों के बीच 6 दिसंबर को एडिलेट में पहला टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा। गौरतलब है कि टीम इंडिया अभी तक ऑस्ट्रेलिया में एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। हालांकि, टीम इंडिया के पास इस बार टेस्ट सीरीज जीतने का अच्छा मौका है, क्योंकि जानकारों का ऐसा मानना है कि स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलियाई टीम कमजोर होगी।