टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें वन-डे के दौरान ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का जमकर मजाक उड़ाया। दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेले गए मुकाबले में जडेजा ने मार्कस स्टोइनिस के खिलाफ पारी के 34वें ओवर में एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील की।
दरअसल, यह गेंद स्टोइनिस के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर पैड्स पर जाकर लगी थी। मगर भारतीय ऑलराउंडर ने इस पर ध्यान नहीं दिया और अंपायर के सामने जोरदार अपील की। जडेजा की फिजूल अपील देख कप्तान कोहली भी मुस्कुरा दिए और गेंदबाज के पास जाकर उनकी मजे ली।
इससे पहले जडेजा ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच को आउट करके टीम इंडिया को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने मैक्सवेल को अपना दूसरा शिकार बनाया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए उस्मान ख्वाजा ने वन-डे करियर का दूसरा शतक जमाया और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने उम्दा अर्धशतकीय पारी खेली, जिसकी मदद से मेहमान टीम ने टीम इंडिया के सामने 273 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम 237 रन पर सिमटी और 35 रन से मुकाबला गंवा बैठी। यही नहीं, टीम इंडिया 2015 के बाद पहली बार घर में वन-डे सीरीज हारी।
बहरहाल, जडेजा ने फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में दो विकेट झटककर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में वन-डे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने केमार रोच, हरभजन सिंह और अजित अगरकर के रिकॉर्ड को तोड़ा। इन तीनों ने फिरोजशाह पर 7-7 विकेट झटके जबकि जडेजा के कुल 9 विकेट हो चुके हैं।