इंडियन टी-20 लीग का 12वां संस्करण शुरू हो चुका है। मैचों की बात करें तो प्ले-ऑफ से पहले खेले जाने वाले 56 मैचों में 21 मैच खेले भी जा चुके हैं। पैसे और ग्लैमर से भरा टी-20 लीग हर साल देसी-विदेशी खिलाड़ियों को अपनी तरफ आकर्षित करता है। यही कारण है कि हर खिलाड़ी इस लीग का हिस्सा होना चाहता है।
वो तीन विदेशी खिलाड़ी जो आते ही छा गए, एक ने तो IPL से पाक का नामो-निशान मिटा दिया
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज बेहरेनडोर्फ ने टी-20 लीग के 15वें मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम में डेब्यू किया। अपनी तेज़ और उछाल भरी गेंदों के लिए पहचाने जाने वाले बेहरेनडोर्फ ने मैच में जबरदस्त शुरुआत की।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम को बेहरेनडोर्फ ने पहले हो ओवर में रायुडु के रूप में झटका दिया। डेब्यू मैच के पहले ओवर में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने सिर्फ 1 रन देते हुए 1 विकेट लिए। उसके बाद बेहरेनडोर्फ ने अपने तीसरे ओवर में रैना का विकेट हासिल किया।
डेब्यू मैच में बेहरेनडोर्फ ने 4 ओवर की किफायती गेंदबाजी में 22 रन देकर 2 विकेट निकाले।
अल्जारी जोसेफ
कैरिबियाई खिलाड़ी अल्जारी जोसेफ जिन्होंने वेस्टइंडीज के लिए अभी तक एक भी टी-20 मैच नहीं खेला है, उन्होंने टी-20 लीग के 19वें मुकाबले में डेब्यू किया। लीग की मजबूत टीम हैदराबाद के खिलाफ अल्जारी ने डेब्यू करते हुए पहले ओवर की पहली ही गेंद पर ऑरेंज कैप होल्डर वार्नर को बोल्ड कर दिया।
इसके बाद जोसफ यहीं नहीं रुके और एक के बाद एक विकेट गिराते चले गए और 3.4 ओवर की गेंदबाजी में 1 मैडेन के साथ 12 रन देते हुए 6 विकेट अपनी झोली में डाल लिए।
इतना ही नहीं अल्जारी जोसेफ ने अपने डेब्यू मैच में ही 11 साल पुराने सोहैल तनवीर के बेस्ट गेंदबाजी के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। ये एकलौता ऐसा रिकॉर्ड था जो किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी के नाम था लेकिन अल्जारी ने उसे भी ध्वस्त कर दिया।
कीवी खिलाड़ी कुग्गेलैन ने अपने देश के लिए मात्र 4 टी-20 मुकाबले खेले हैं और बहुत कम लोग ही इनके बारे में जानते हैं। कुग्गेलैन को चोटिल लुंगी एनगीडी की जगह चेन्नई ने अपनी टीम में शामिल किया।
लीग के 18वें मुकाबले में कुग्गेलैन को तब डेब्यू करने का मौका मिला, जब चेन्नई के मुख्य आलराउंडर खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो चोट की वजह से दो हफ्ते के लिए टीम से बाहर हो गए।
पंजाब के खिलाफ मैच में स्कॉट की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उनकी पहली ही गेंद पर छक्का लग गया। पहले दो ओवर में बिना किसी विकेट के इन्होंने 27 रन लुटा दिए। हालांकि आखिर के दो ओवर में इन्होने जबरदस्त वापसी करते हुए केएल राहुल और सरफराज खान का विकेट निकालने में सफलता हासिल की।
इस तरह कुग्गेलैन ने अपने डेब्यू मैच में 4 ओवर की गेंदबाजी में 37 रन देकर 2 विकेट झटके।