भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज के जीवन पर बनने वाली बायोपिक पर इस भारतीय एक्ट्रेस ने दिलचस्पी दिखाई है और वह इस पर काम करना चाहती हैं।
सामाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, तापसी पन्नू ने मिताली राज के जीवन पर बनने वाली बायोपिक पर कहा, 'अभी तक फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार नहीं हुई है। इसलिए अभी इस बारे में बात करना जल्दबाजी होगी। अभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं और इसके अलावा अभी स्क्रिप्ट भी नहीं लिखी गई है। यदि वह मुझे यह फिल्म ऑफर करते हैं तो मुझे खुशी होगी। मैं वाकई खेल से जुड़ा बायोपिक करना चाहती हूं।'
भारतीय महिला टीम के कप्तान मिताली राज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। वह वन-डे मैच में 6,000 से ज्यादा रन बनाने वाली एकमात्र महिला क्रिकेटर हैं। वह पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिनकी कप्तानी में महिला टीम दो बार आईसीसी विश्व कप (2005, 2017) के फाइनल में जगह बनाई थी।
35 वर्षीय मिताली ने टीम इंडिया के लिए 10 टेस्ट, 194 वन-डे और 77 टी-20 मैच खेले हैं। अपनी जिंदगी पर बनने वाली बायोपिक को लेकर मिताली ने कहा, 'मुझे वायकॉम 18 मोशन पिक्चर्स से जुड़कर काफी खुशी हो रही है। आशा है कि यह फिल्म ज्यादा से ज्यादा लोगों को इंसपायर करेगी, खासकर युवा लड़कियों को ज्यादा।'
बता दें कि वायकॉम 18 मोशन पिक्चर्स ने मिताली पर बनने वाली बायोपिक के राइट्स ले लिए हैं। मालूम हो कि इससे पहले महिला बॉक्सर मैरी कॉम की जिंदगी पर भी बायोपिक बनी थी, जिसका किरदार प्रियंका चोपड़ा ने अदा की थी।