एशिया कप में खिलाड़ियों की चोट ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के लिए वरदान साबित हुई, जिनकी लंबे समय के बाद वन-डे टीम में वापसी हुई। ऑलराउंडर ने टीम इंडिया में शामिल होते ही एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया और इसी का नतीजा है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की वन-डे सीरीज में जडेजा को दोबारा अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।
ऑलराउंडर के पास महान गेंदबाज कपिल देव का अनोखा रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका है। कैरीबियाई टीम के खिलाफ भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल कपिल देव के नाम दर्ज है। जडेजा को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 15 विकेट की दरकार है। विंडीज के खिलाफ पांच वन-डे खेले जाना है, ऐसे में उनके पास यह रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका है।
बता दें कि कपिल देव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 42 मैचों में 3.62 की इकॉनोमी रेट से 43 विकेट चटकाए। जडेजा के अभी 29 विकेट हैं और वह इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। कैरीबियाई टीम के खिलाफ भारत की तरफ से सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में पूर्व महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले काबिज हैं। जंबो के नाम से मशहूर कुंबले ने विंडीज के खिलाफ 41 विकेट चटकाए हैं।
इस मामले में तीसरे नंबर पर टीम इंडिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह काबिज हैं, जिन्होंने 33 विकेट चटकाए हैं। जडेजा फिलहाल शानदार फॉर्म में हैं और अगर वह वन-डे सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने में कामयाब रहे तो मेहमान टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
याद हो कि एशिया कप में वापसी करते ही बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बाद जडेजा ने कहा था, 'टेस्ट क्रिकेट में पिछली कुछ सीरीज विदेशों में हो रही थी, जिसकी वजह से मुझे निरंतर मौके नहीं मिल रहे थे। इसलिए मेरा पूरा ध्यान इस बात पर था कि जब भी मौका मिलेगा तो उसमें बेहतर प्रदर्शन करूंगा। यही मेरे नियंत्रण में हैं। मेरा पूरा ध्यान अपने खेल पर है और इस पर है कि आगे कैसे सुधार कर सकता हूं।'