टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन सोमवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे वन-डे में अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन (38) ने रोहित शर्मा के साथ 71 रन की साझेदारी करके टीम इंडिया को ठोस शुरुआत जरूर दिलाई। हालांकि, वह लंबी पारी नहीं खेल सके और कीमो पॉल की गेंद पर पॉवेल को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए।
धवन का विकेट चटकाने वाले पॉल ने गब्बर के अंदाज में ही जश्न मनाकर क्रिकेट फैंस का भरपूर मनोरंजन किया। यह तो हर कोई जानता है कि कैच लेने के बाद शिखर धवन किस तरह कैच जश्न मनाते हैं। वह अपनी जांघ पर हाथ मारकर उठाते हैं, जो आमतौर पर कबड्डी में खिलाड़ियों द्वारा देखने को मिलता है।
बहरहाल, यह वाकया भारतीय पारी के 12वें ओवर का है। कीमो पॉल के इस ओवर की पहली दो गेंदों पर दो चौके लगे, एक बाई का आया जबकि दूसरी गेंद पर धवन ने मिडविकेट की दिशा में चौका जमाया। हालांकि, पॉल ने अपनी योजना में बदलाव नहीं किया और लगातार शॉर्ट गेंद रखना जारी रखी। धवन ओवर की पांचवीं गेंद पर शॉट लगाने गए, लेकिन उनका टाइमिंग अच्छा नहीं रहा। शॉर्ट मिडविकेट पर मुस्तैद किरोन पॉवेल ने आसान कैच लपका।
विकेट लेने के बाद कीमो पॉल ने अनोखा जश्न मनाया और फिर धवन के सामने ही थाई-फाइव सेलिब्रेशन किया। भारतीय ओपनर भी इस जश्न को देखकर थोड़े हैरान हुए, लेकिन वह चेहरे पर मुस्कान लिए पवेलियन लौट गए। विंडीज के लिए शॉर्ट गेंदों की योजना कारगर साबित हुई और वह खतरनाक होती भारतीय जोड़ी को आउट करने में सफल हो गए।
बता दें कि मौजूदा पांच मैचों की वन-डे सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। टीम इंडिया ने गुवाहाटी में खेला पहला वन-डे 8 विकेट से जीता। दूसरा मैच टाई रहा। तीसरे मैच में वेस्टइंडीज ने जोरदार वापसी की और टीम इंडिया को 43 रन से शिकस्त दी।