टीम इंडिया के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल के दूसरे दिन कंगारू कप्तान टिम पेन का विकेट लेते ही 'स्पेशल क्लब' में शामिल हो गए हैं। दरअसल, इशांत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने विकेटों का 'अर्धशतक' पूरा किया। कंगारुओं के खिलाफ 50 विकेट पूरे करने के मामले में वह इन भारतीय दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए।
गौरतलब है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन इशांत ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में आरोन फिंच को क्लीन बोल्ड पवेलियन भेजा। इशांत शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने 23वें टेस्ट मैच में यह मुकाम हासिल किया है।
इसके साथ ही इशांत टीम इंडिया के महान खिलाड़ी कपिल देव और तेज गेंदबाज जहीर खान के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए हैं। इशांत ने 23वें मैच में 50 विकेट पूरे किए, जबकि कपिल देव ने 20 मैचों में 79 और जहीर खान ने 19 मैचों में 61 विकेट झटके थे। इसके अलावा चौथे नंबर पर उमेश यादव हैं, जो कंगारुओं के खिलाफ 11 मैचों में 45 विकेट हासिल किए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 विकेट हासिल करने वाले इशांत शर्मा तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। बता दें कि एलिडेड टेस्ट के दूसरे दिन इशांत शर्मा ने 31 रन देकर 2 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने आरोन फिंच और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन को अपना शिकार बनाया।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एलिडेड टेस्ट में टीम इंडिया के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया 250 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट के नुकसान पर 191 रन बना ली है। फिलहाल, ट्राविस हेड 61* और मिशेल स्टॉर्क 8* रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।