2 साल बाद आईपीएल में वापसी कर रही राजस्थान रॉयल्स की टीम ने एक अहम बदलाव किया है। युवा अफगानी स्पिनर जहीर खान के चोटिल होने के बाद अब न्यूजीलैंड के अनुभवी स्पिनर ईश सोढ़ी इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के लि खेलते नजर आएंगे। अपने पहले मुकाबले में हार का स्वाद चखने वाली रहाणे एंड कंपनी को एक टीम में अनुभवी स्पिनर न होने से बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था।
ईश सोढ़ी आईसीसी T-20 रैंकिंग में चौथे नंबर पर काबिज हैं। उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने उनके बेस प्राइड 50 लाख रुपए पर ही खरीदा है। सोढ़ी का यह पहला आईपीएल सीजन होगा, इससे पहले उन्होंने किसी आईपीएल टीम के लिए नहीं खेला है। अपने चयन से उत्साहित सोढ़ी ने ट्वीट कर राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने की खुशी कुछ इस अंदाज में बयां की।
ईश सोढ़ी ने टीम में जिस जहीर खान की जगह ली है वो उन चार अफगानी खिलाड़ियों में से थे जिन्हें इस साल आईपीएल में चुना गया था। उन्हें फ्रैंचाइजी ने उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपए से तीन गुना कीमत में खरीदा था।
न्यूजीलैंड की ओर से क्रिकेट खेलने वाले ईश सोढ़ी ऐसे पहले क्रिकेटर हैं, जिनका जन्म भारत में हुआ था। सोढ़ी से पहले न्यूजीलैंड की ओर से भारतीय मूल के दीपक पटेल और जीतन पटेल भी खेल चुके हैं, लेकिन इन दोनों का जन्म भारत में नहीं हुआ था। सोढ़ी का जन्म पंजाब के लुधियाना में 31 अक्टूबर 1992 को हुआ था। जब वह 4 साल के थे, तब उनका परिवार न्यूजीलैंड जाकर बस गया था।
भारतीय जमीन में खेले गए टी-20 विश्वकप के दौरान मार्च, 2016 को खेले गए मैच में सोढ़ी ने शानदार प्रदर्शन किया था। भारत के खिलाफ 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए थे। सोढ़ी ने कोहली के अलावा रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन आश्विन का भी विकेट झटका था और भारत को अंत में हार को सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया के खिलाफ यह उनका पहला टी-20 मैच था।