निदाहास टी20 ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में दिनेश कार्तिक की धुआंधार पारी को क्रिकेट फैंस शायद ही कभी भुला पाएं। अंतिम और निर्णायक मैच में दिनेश कार्तिक ने महज 8 गेंदों पर 29 रन जड़कर क्रिकेट इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया।
क्रिकेट के इस यादगार लम्हे को फैंस के साथ शेयर करते हुए कार्तिक ने अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की और इसके कैप्शन में लिखा, 'फाइनल की यह रात मेरी जिंदगी की सबसे खूबसूरत रात है।'
वहीं एक तरह टीम इंडिया का यह स्टार खिलाड़ी चारों ओर से वाह-वाही लूट रहा है। वहीं दूसरी तरफ बांग्लादेश के तेज गेंदबाज रुबेल हसन ने अपने दिल का दर्द फैंस के सामने रखा है। रुबेल हसन ने फाइनल मैच में डाले गए अपने आखिरी ओवर के लिए फैंस को सॉरी बोला है।
गौरतलब है कि इस मैच में जब टीम इंडिया को जीत के लिए 12 गेंदों पर 34 रनों की दरकार थी, तब कार्तिक ने 18वें ओवर में 22 रन जड़ डाले। कार्तिक के इस आक्रामक अंदाज से मैच लगभग टीम इंडिया की झोली में आ गिरा। आखिरी ओवर में टीम इंडिया को जीत के लिए 12 रन चाहिए थे।
आखिरी ओवर डालने आए सौम्य सरकार ने पहली पांच गेंदों में बांग्लादेश की उम्मदी को जिंदा रखा। लेकिन अपनी आखिरी गेंद पर वह कार्तिक को इतिहास रचने से रोक नहीं पाए। सरकार की आखिरी गेंद पर कार्तिक ने कवर के ऊपर से जोरदार छक्का लगाकर टीम इंडिया को चैंपियन बनाया।