टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की वन-डे सीरीज के तीसरे मुकाबले में कैरीबियाई टीम ने भारत को 43 रन से हराकर 1-1 से बराबरी कर ली है। कप्तान विराट कोहली के शतकीय प्रहार के बावजूद टीम इंडिया यह मैच अपने नाम नहीं कर पाई।
हालांकि मैच में शुरुआत से हावी होकर खेलती नजर आई टीम इस तरह यह मैच हारेगी, इसका किसी को अंदाजा तक नहीं था। विंडीज की इस जीत का सबसे बड़ा हीरो एश्ले नर्स को बताया जा रहा है, जिन्होंने पहले बल्लेबाजी में 22 गेंदों में 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रन की तूफानी पारी खेली और फिर गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए धवन और ऋषभ पंत को आउट करते हुए दो विकेट अपने नाम किए।
एश्ले नर्स को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं एश्ले नर्स तीसरे वन-डे में विकेट लेने के बाद अलग ही अंदाज में जश्न मनाते नजर आए हैं। उनका ये अंदाज दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।
सोशल मीडिया पर कुछ फैंस इसकी तुलना बांग्लादेशी टीम के नागिन डांस से कर रहे हैं, तो कुछ लोग इसे कपिल शर्मा स्पेशल 'बाबाजी का ठुल्लू' नाम दे रहे हैं। हालांकि एश्ले नर्स ने अब खुद खुलासा किया है उनके इस खास जश्न के पीछे कौन है।
एश्ले नर्स ने बताया कि विकेट लेने के बाद उन्हें मैदान पर कुछ अलग करना ही था। ऐसे में उन्होंने अपने दोस्त से सीखा यह डांस ही मैदान पर कर दिया। उन्होंने बताया कि यह डांस उन्होंने अपने दोस्त सनी सोहल से सीखा है।