आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के सिर चैंपियन का ताज सजाने वाले अंबाति रायडू के इंग्लैंड दौरे पर न जाने की वजह से फैंस काफी मायूस हैं। आईपीएल के हालिया सीजन में 600 से ज्यादा रन जड़ने वाले रायुडू यो-यो टेस्ट में फेल होने की वजह से इंग्लैंद दौरे के लिए अपना टिकट पक्का करने से चूक गए थे।
वहीं बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन रायुडू को इंग्लैंड दौरे पर नहीं भेजे जाने से काफी निराश हैं। मिशन इंग्लैंड पर टीम में रायुडू को जगह न मिलने के बाद श्रीनिवासन ने कहा, 'अंबाती रायुडू के इंग्लैंड दौरे पर नहीं जाने से निराश हूं। इससे न सिर्फ मैं बल्कि दुनियाभर के वो क्रिकेट फैंस खफा हैं जिन्होंने आईपीएल में रायुडू को खेलते देखा था।'
हालांकि अब जानकारी मिल रही है कि यो-यो टेस्ट में फेल होने के बाद भी अंबाती रायुडू इंग्लैंड दौरे पर जा रहे हैं। दरअसल रायुडू को चेन्नई सुपर किंग्स की जूनियर टीम का मेंटॉर बनाकार इंग्लैंड भेजा जा रहा है। यहां सीएसके की जूनियर टीम यॉर्कशायर में इंटरनेशनल एकेडमी टूर्नामेंट खेलेगी।
यो-यो टेस्ट की गाज न सिर्फ अंबाती रायुडू बल्कि संजू सैमसन और मोहम्मद शमी पर भी गिरी थी। इससे पहले युवराज सिंह, सुरेश रैना और युवा स्पिन गेंदबाज वॉशिंगटन सुंदर भी यो-यो टेस्ट में फेल हो चुके हैं, लेकिन टीम को सबसे बड़ा झटका राडुयू के फेल होने पर ही लगा था।
सीएसके के लिए रायुडू ने 16 मैचों में तीन अर्द्धशतक और एक शतक के साथ 602 रन बनाए थे। बता दें कि मौजूदा दौरे पर टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी-20, तीन वन-डे और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।