इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन ने टेलीविजन व्यूवरशिप के पिछले सभी रिकॉर्डों को ध्वस्त कर दिया है। आईपीएल में अलग-अलग फ्रैंचाइजियों के लिए खेल रहे दुनियाभर से आए खिलाड़ियों ने इंडियन फैंस को टीवी से चिपके रहने पर मजबूर कर दिया है।
आईपीएल में दो साल बाद वापसी करने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स के आने से स्टार स्पोर्ट का टेलीविजन रेटिंग प्वॉइंट काफी बढ़ गया है। बता दें कि इस सीजन में दोनों ही टीमों के पास ऐसे दमदार खिलाड़ी हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं।
ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल के 17वें सप्ताह में स्टार स्पोर्ट्स 1 पर हिंदी कॉमेंट्री की वजह से व्यूवरशिप काफी बढ़ी है। वहीं इस दौरान धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के मैच टेलीविजन पर सबसे ज्यादा देखे गए हैं।
वहीं स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी की तुलना में बाकी स्पोर्ट्स चैनलों की रेटिंग प्वॉइंट्स में काफी गिरावट आई है। बार्क के आंकड़ों की मानें तो स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी 985,930,000 यूजर्स के साथ रेटिंग प्वॉइंट्स के मामले में पहले स्थान पर है।
खास बात यह है कि फैंस के चहेते कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की वजह से चेन्नई सुपरकिंग्स के मैच सबसे ज्यादा देखे जा रहे हैं। विराट कोहली के नेतृत्वा वाली आरसीबी और धोनी के नेतृत्व वाली सीएसके के बीच हुए मुकाबले ने यूजर्स का सबसे ज्यादा आकर्षित किया। इस सप्ताह 16,697,000 टेलीविजन यूजर्स एक्टिव रहे।