पोस्ट ऑफिस की ऐसी बहुत सी योजनाएं हैं जो लोगों के लिए बेहद लाभदायक साबित हुई हैं। पोस्ट ऑफिस बैंकिंग सुविधाएं भी प्रदान करता है, ये लोग बहुत कम लोग जानते हैं। आज हम आपको पोस्ट ऑफिस की एक ऐसी सेवा के बारे में बताएंगे जिससे आपको मोटा ब्याज तो मिलेगा ही, साथ ही कम दाम में ऐसी सुविधाएं भी मिलेंगी, जो बैंकों में बहुत महंगी मिलती हैं।
हम बात कर रहे हैं पोस्ट ऑफिस के बचत खाते की। आप ये सुनकर हैरान हो जाएंगे कि पोस्ट ऑफिस में बचत खाता सिर्फ 20 रुपये में ही खुल जाता है और इसका मिनिमम बैंलेंस सिर्फ 50 रुपये है। वहीं अन्य बैंकों में मिनिमम बैंलेंस 1500 रुपये के करीब होता है।
इतना ही नहीं, पोस्ट ऑफिस में बचत खाते के साथ एटीएम और चेक बुक की भी सुविधा मिलती है। बता दें कि अगर आप पोस्ट ऑफिस में बचत खाता खोलते हैं तो आपको चार फीसदी ब्याज भी मिलेगा। नॉन चेक सुविधा वाला बचत खाता तो 20 रुपये में खुल जाएगा लेकिन चेक सुविधा वाला खाता 500 रुपये से खुलवा सकते हैं।
पोस्ट ऑफिस के बचत खाते की एक और खासियत है। यहां पर बचत खाते में मिलने वाला 10,000 रुपये का ब्याज पूरी तरह से टैक्स मुक्त होता है। इसके साथ ही आपको बता दें कि यह बचत खाता देश के किसी भी पोस्ट ऑफिस में ट्रांसफर कराया जा सकता है।
अगर आप पोस्ट ऑफिस में बचत खाता खुलवाना चाहते हैं, तो आपको एक फॉर्म भरना होगा, जो आप घर बैठे ही विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। ध्यान रहे कि इसके लिए केवाईसी की कार्रवाई भी पूरी करनी होगी। आईडी प्रूफ के तौर पर आप आधार कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस दिखा सकते हैं। वहीं एड्रेस प्रूफ के लिए आपके पास बैंक की पासबुक, पासपोर्ट, राशन कार्ड, बिजली का बिल, फोन का बिल, आधार कार्ड होने चाहिए।