आजतक आपने तरह-तरह के पशु प्रेमी देखे होंगे लेकिन आज हम जिनके बारे में आपको बताने जा रहे हैं उनका पशु प्रेम जानकर आप हैरान हो जाएंगे। कोई भी व्यक्ति अपने जानवरों को 70 से 75 लाख का सोना पहनाए यह बात सच में आश्चर्यजनक है। विदेशी हैट, काले चश्मे और आन-बान शान के साथ मेले में विधायक अनंत सिंह अपने पशु शिविर में घोड़े-हाथी और भैंस के साथ पहुंचे हैं। मेले में देसी-विदेशी सैलानी भी उनके शिविर को देखने के लिए आ रहे हैं।
दरअसल विश्व का सबसे बड़ा पशु मेला सोनपुर मेला शुरू हो चुका है और इस मेले में बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह भी अपने हाथी-घोड़े और भैंस के साथ पहुंचे हैं, जहां लोग उनके पशु शिविर में खिंचे चले आ रहे हैं। कभी डेढ़ करोड़ की गाड़ी तो कभी 20 लाख की बग्घी का शौक रखने वाले बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह का अंदाज सबसे निराला है। इनका शौक और एशो आराम हमेशा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहता है।
अबकी बार विधायक अनंत इसलिए चर्चा बटोरे हुए हैं क्योंकि लोग शादियों में जितने सोने-चांदी के गहने अपनी बहू-बेटियों के लिए नहीं बनवाते होंगे उतने तो इन्होंने अपने पशुओं के गले में पहना रखे हैं। विधायक ने हर जानवर के गले में 200 से 250 ग्राम वजन की सोने की चेन पहना रखी है। सोनपुर पशु मेले में पूरा घोड़ा बाजार विधायक के शौक और उनके पशुओं को देखने के लिए गुलजार है।
विधायक के 10 मवेशियों के गले में लगभग 70 लाख रुपए की कीमत के जेवर पहनाए गए हैं। विधायक साहब तीन घोड़े, एक हाथी और गायों के साथ मेले में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इनके हर पशु के गले में सोने की भारी भरकम चेन पहनाई गई है। सभी जानवरों के गले में सोने की चेन का लगभग पूरा वजन ढाई किलो के करीब है। ढाई किलो सोने की कीमत लगभग 75 लाख के करीब होती है।
विधायक के खेमे में पशुओं के खाने का भी विशेष ख्याल रखा जाता है। विधायक के सहयोगी राजू मुखिया ने बताया हाथी पूर्वी के साथ सभी जानवर चारे के अलावा काफी मात्रा में फल और दूध पीते हैं। पूर्वी लगभग 20 किलो सेब रोज खाती है। इसके अलावा सेब गाय और अन्य पशुओं को भी दिया जाता है, घोड़े भी खूब दूध पीते हैं। राजू ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 50 हजार रुपए पशु के खाने पर खर्च होते हैं।