बढ़ती आबादी के कारण नौकरी मिलना अब आसान नहीं रह गया है। सफाई से चोरी करने का हुनर जानने वालों के लिए यहां वैकेंसी निकली है। खासकर वैकेंसी जब होशियार चोरों के लिए निकाली गई हो तो ये जानना भी जरूरी हो जाता है कि आखिर ये इतना खास आइडिया दिया किसने होगा, और चोरी में करना क्या होगा।
दिलचस्प बात तो यह है कि जहां नौकरी करनी है चोरी भी वहीं करनी है। साथ ही उसे चोरी करने के बाद 64 डॉलर यानी करीब 4500 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से पैसे भी मिलेंगे। है न मजेदार खबर! दरअसल, चोरों के लिए नौकरी का ऑफर सीधे इंग्लैंड से आया है।
जी हां, इंग्लैंड में एक कपड़ों के शोरूम की मालकिन ने यह नौकरी निकाली है। दुकान की मालकिन ने हाल ही में बार्क डॉट कॉम पर एक जॉब ऑफर पोस्ट किया है। जिसमें कहा गया है कि चोर को हर घंटे उसी दुकान में चोरी करनी होगी।
दरअसल, दुकान की महिला मालकिन दुकान में हो रही चोरी की घटनाओं से तंग आ गई है। महिला का कहना है कि मैं जानती हूं कि यह अलग तरह की नौकरी है लेकिन छुट्टियों के सीजन में हमारी दुकान में चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसा कई सालों से हो रहा है, इस समस्या को हल करना मेरे लिए बहुत जरूरी है।
ऐसे में महिला चोर से पहले चोरी करवाएगी, फिर उससे पूछेगी कि उसने चोरी कैसे की। ताकि आगे चलकर दुकान की उस सुरक्षा खामी को दूर किया जा सके। महिला का कहना है कि प्रोफेशनल चोर की मदद से मैं यह समझूंगी कि दुकान की सुरक्षा में कहां कौन सी खामियां रह गई हैं जिसे मैं सुधारूंगी।