खबरों में आजकल कोई न कोई शादी जरूर छाई रहती है। आखिर ऐसा हो भी क्यों नहीं, सीजन जो शादियों वाला चल ही रहा है, लेकिन जिन शादियों की बात हम कर रहे दोस्तों, उनमें कुछ न कुछ अनहोनी या अनोखी घटना जरूर हो जाती है। इसी वजह से वह खबरों में आ जाती हैं। चलिए आज हम आपको महोबा में हाल ही में हुई एक शादी की अजीबोगरीब घटना के बारे में बताते हैं। इसे जानकर आप भी चौंक पड़ेंगे।
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में हाथ में सिंदूर लिए जब एक लड़का शादी समारोह में घुस आया तो बवाल होना तो तय था। जाते ही उसने दुल्हन की मांग भर दी। यह देखकर परिवारवालों की चीख निकल गई। विवाहस्थल पर अफरातफरी मच गई। इसके बाद जो हुआ...
वधु पक्ष के लोगों ने युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला कोतवाली जा पहुंचा। पूछताछ में पता चला मांग भरने वाला यह लड़का लड़की का प्रेमी था। जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पचपहरा गांव से रविवार को संतोष की बारात थाना अजनर के ग्राम पुरवा गई थी।
जहां पर वधु सुमन जयमाल कार्यक्रम के लिए तैयार होकर जा रही थी। तभी पुरवा गांव का ही राहुल पुत्र बाबूलाल हाथ में सिंदूर लेकर विवाहस्थल पर आ धमका और फिर उसने भीड़ के बीच घुसकर सुमन की मांग में सिंदूर भर दिया। कुछ देर के लिए लोग भौचक्का रह गए। इसके बाद वधू पक्ष के लोगों ने राहुल की जमकर पिटाई की। वह उसे तब तक मारते रहे जब तक वह अधमरी हालत में नहीं पहुंचा।
इसके बाद बारात लेकर आए संतोष और सुमन का जयमाल कार्यक्रम सम्पन्न हुआ और विवाह की सारी रस्में की गई और सोमवार को विदाई हुई। वहीं राहुल अस्पताल में इलाज करा रहा है। वधु पक्ष के लोगों ने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर राहुल का कहना है कि वह सुमन से शादी करना चाहता था और सुमन ने ही उसे फोन करके वहां बुलाया था लेकिन सुमन का परिवार इस बात से इंकार कर रहा है।