पुराने जमाने में डोली में दुल्हन को विदा किया जाने का रिवाज था। समय बदला तो डोली से बग्गी और बग्गी से कार का जमाना आ गया। आपने आज तक दुल्हन की विदाई डोली, बग्गी या कार में ही देखी होगी। तो चलिए आज कुछ नया भी देख लीजिए....
जैसा की आप तस्वीर में देख पा रहे होंगे कि एक नई-नवेली दुल्हन सज-धजकर अपने दूल्हे के साथ जेसीबी मशीन में बैठी है। हो सकता है कि यह तस्वीर देखकर आपको थोड़ा अटपटा लग रहा हो। लेकिन कर्नाटक के इस जोड़े ने अपनी शादी में अनोखी सवारी का इस्तेमाल कर सबको हैरान कर दिया।
मीडिया रिपोर्टों की मानें तो कर्नाटक में दक्षिण कन्नड़ के पुतुर में चेतान अपनी दुल्हन ममता को किसी मंहगी कार में नहीं, बल्कि जेसीबी मशीन में बैठाकर घर लाया। दरअसल, चेतन जेसीबी ऑपरेटर है। जेसीबी से अपनी जीविका चलाने वाला चेतन सालों से जेसीबी ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा है। इसीलिए अपनी जिन्दगी के इतने अहम मौके पर अपनी दुल्हनियां को घर लाने के लिए भी उसने जेसीबी को ही सबसे अहम सवारी माना।
शुरुआत में चेतन के कहने पर दुल्हन ममता जेसीबी में बैठने से शर्मा रहीं थी क्योंकि ममता काफी शर्मीली है, लेकिन चेतन के कहने बाद वो मान गई और जेसीबी में बैठने को तैयार हो गई। हालांकि ये सब पहले से तय नहीं था।
मगर लंच के बाद जब लोग बाहर निकले तो चेतन और उसके दोस्तों ने ये फैसला किया कि किसी और गाड़ी से जाने की बजाए जो गाड़ी वह खुद चलाता है उसी से अपनी दुल्हन को भी लेकर जाए। और फिर दोस्त चेतन की जेसीबी लेकर द्वार पर पहुंच गए।