दुनिया अजीबोगरीब चीजों से भरी हुई है जिसका सबूत समय-समय पर देखने को मिलता है। खोजकर्ता भी ऐसी-ऐसी चीजों की खोज में लगे रहते हैं जिन्हें देखने और सुनने के बाद हैरानी होती है। ये तो तय है कि दुनिया भर में अभी भी कई ऐसे रहस्य अनसुलझे हैं जिन्हें सुलझाना बाकी है।अभी हाल ही में पुरातत्वविदों को एक ऐसी चीज के बारे में पता चला है जो काफी हैरान करने वाली है। ये अनोखी चीज सऊदी अरब में मिली है। यहां के पुरातत्वविदों को लगभग 4500 साल पुराने एक हाईवे के बारे में पता चला है। इस तरह के हाईवे का मिलना इस बात का संकेत है कि इतने साल पहले भी लोगों को सड़कों के निर्माण का ज्ञान था। इतना ही नहीं हाईवे के दोनों तरफ मकबरे भी मिले जो हजारों की संख्या में हैं। आइए जानते हैं इस हाईवे के बारे में विस्तार से.....
अजब-गजब: यहां मिला 4500 साल पुराना हाइवे, पुरातत्वविदों ने किया चौंकाने वाला खुलासा
एक मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खोजकर्ता पिछले एक साल से हेलीकाप्टर से हवाई सर्वेक्षण कर रहे थे। इस दल को ऑथर मैथ्यू डैल्टन लीड कर रहे थे। तभी उन्हें एक चौंकाने वाले रास्ते का पता चला। ये रास्ते 1,60,000 किलोमीटर तक फैले हुए हैं। जब इन रास्तों की जांच पड़ताल की गई तो बेहद ही हैरान करने वाली जानकारी सामने निकल कर आई। खोजकर्ताओं ने इस रास्ते की सैटेलाइट से खींची तस्वीरों की भी जांच की और एक रिपोर्ट बनाई। इस रिपोर्ट को होलोसीन जर्नल रिसर्च में प्रकाशित भी किया गया है।
रिपोर्ट में यह बताया गया है कि जो हजारों साल पुराने रास्ते मिले हैं, उनके आस -पास करीब 18 हजार मकबरे भी मिले हैं। शोधकर्ता मेलिसा केनेडी के अनुसार, ये मकबरे 4500 साल पुराने हैं। तस्वीरों में देखने पर ऐसा लगता है जैसे इन मकबरों में एक-एक इंसान को दफनाया गया होगा या फिर एक साथ कई लोगों को दफनाया गया होगा। सबसे हैरानी की बात ये है कि इतने साल बीत जाने के बाद भी ये मकबरे सही-सलामत थे। अब शोधकर्ता 18 हजार मकबरों में से 80 मकबरों की खुदाई करके उनके बारे में जानकरी जुटाने की कोशिश में लगे हैं।
शोधकर्ताओं को सबसे बड़ी हैरानी इस बात से हुई कि आखिर ये मकबरे इन रास्तों के किनारे क्यों बनाए गए होंगे। शोधकर्ता अपने-अपने तर्क से इसका अंदाजा लगा रहे हैं। कुछ का लोगों का मानना है कि यहां हाईवे बनने से पहले यहां लोगों को दफनाया जाता होगा।
वहीं एक यह भी तर्क दिया जा रहा है कि लोग जमीनों पर अपना हक जताने के लिए मकबरे बनवाते होंगे। कुछ लोगों का ये भी मानना है कि लोग अपने मृत परिवार के लोगों को आते जाते देख सकें इसीलिए इन लोगों को सड़क के किनारे दफनाया जाता होगा। जानकार बताते हैं कि ये हाईवे यमन तक गए होंगे, क्योंकि इस तरह की कब्रें उत्तरी सीरिया और यमन में भी मिली हैं।