किसी ने सच ही कहा है प्रतिभा किसी डिग्री की मोहताज नहीं होती। अगर मन में कुछ करने का जज्बा है और खुद पर विश्वास है तो कोई भी कुछ भी कर सकता है और इसे हैदराबाद के साई तेजा ने सच साबित कर दिखाया है। मात्र 10वीं तक पढ़े तेजा ने एक ऐसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बनाई है, जो भविष्य में क्रांतिकारी साबित हो सकती है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है कि हैदराबाद में रहने वाले 22 साल के साई तेजा ने गाड़ी के लिए एक खास इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बनाई है। इस डिवाइस की खासियत यह है कि अगर आप गाड़ी चलाना चाहते हैं और आपने शराब पी रखी है तो यह आपकी गाड़ी को स्टार्ट ही नहीं होने देगा यानी आपकी इस हरकत की वजह से गाड़ी भी नारजगी दिखा सकेगी।
2500 रुपए में तैयार की है ये खास डिवाइस
अगर ड्राइवर ने 30 फीसदी से ज्यादा शराब पी रखी है और गाड़ी में साई तेजा द्वारा बनाया गया यह डिवाइस लगा है तो गाड़ी स्टार्ट ही नहीं होगी। साई तेजा की यह डिवाइस इंजन को शुरू ही होने नहीं देगी। तेजा ने सिर्फ 15 दिन में यह डिवाइस बनाई है, इसे तैयार करने में 2500 रुपए की लागत आई है। इससे शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण होने वाले सडक़ हादसों में भी कमी आ सकेगी।
कॉन्फिगर किए गए मोबाइल नंबर पर आएगा संदेश
इसके अलावा इस डिवाइस में एक और खास बात है। जरूरत से ज्यादा शराब पीने की स्थिति में जब यह गाड़ी स्टार्ट नहीं होगी तो डिवाइस के साथ कॉन्फिगर किए गए मोबाइल नंबर पर भी एक संदेश आएगा, ताकि आपके चाहने वाले आपकी स्थिति के बारे में जान सकें। इससे आपके जानकार को पता चल जाएगा कि आप गाड़ी चलाने की स्थिति में नहीं हैं।
साई तेजा ने 10वीं पास करने के बाद कुछ कारणों से पढ़ाई छोड़ दी थी। लेकिन इलेक्ट्रॉनिक्स में उसकी रुचि थी। अपनी इस खास खोज के बारे में बात करते हुए तेजा ने बताया कि मैंने इंटरनेट पर सर्च कर काफी कुछ जानकारियां हासिल कीं। मुश्किलें बड़ी थीं, लेकिन मुझे विश्वास था कि मैं अपने मकसद में कामयाब रहूंगा और अंतत: मैंने वह कर दिखाया जो कभी मुझे खुद को भी सपना लगता था।