कहा जाता है कि कुत्तों से ज्यादा वफादार कोई नहीं होता। ऐसी ही एक और मिसाल देखने को मिली है। मालकिन की मौत जिस व्यस्त सड़क पर हुई, उसी सड़क पर कुत्ते ने 80 दिन से भी अधिक समय तक उनका इंतजार किया। चीन की ऑनलाइन कम्युनिटी में ये दृश्य वायरल हो गया है। घटना इनर मंगोलिया के होहोत शहर की है।
टैक्सी ड्राइवर ने बताया, "कुत्ते और मालकिन का रिश्ता बहुत ही गहरा था। उनके मारे जाने के बाद ये कुत्ता गार्ड की तरह खड़ा रहता है। मैं उसे हमेशा देखता हूं, वो रोजाना इसी रोड पर होता है। कुत्ते और इंसान के बीच का रिश्ता बहुत ही सच्चा होता है।"
सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति का कहना है, "ये छोटा सा कुत्ता बहुत ही वफादार है। मेरे परिवार के पास एक कुत्ता था जो स्कूल से आने पर मेरा रोजाना इंतजार करता था।" एक अन्य यूजर जानवरों की भलाई के लिए चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है, "सड़क के बीचों-बीच खड़ा होना कुत्ते के लिए खतरनाक है। मुझे लगता है कि कुछ अच्छे लोग इसे अपनाकर किसी सुरक्षित जगह पर ले जा सकते हैं।"
वैसे चीन के सोशल प्लेटफॉर्म पर ये ऐसा पहला कुत्ता नहीं जिसने लोगों का दिल जीता हो। इस साल की शुरुआत में सोशल मीडिया यूजर्स एक बूढ़े कुत्ते पर फिदा हो गए थे जब वो स्टेशन के बाहर अपने मालिक का इंतजार कर रहा था।
जापान में 1920 के दशक की घटना पर आधारित फिल्म 'हचिको: द अकिता' काफी मशहूर हुई थी। ये उस स्वामीभक्त कुत्ते की कहानी है जो अपने मालिक से रोजाना रेलवे स्टेशन पर मिलता था। लेकिन मालिक की मौत के बाद भी ये सिलसिला उसने नौ साल तक जारी रखा।