ग्रेटर नोएडा में चल रहे Auto Expo 2020 के दूसरे दिन मारुति की सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी विटारा ब्रेजा फेसलिफ्ट लॉन्च हो गई। खास बात यह है कि नई विटारा ब्रेजा पेट्रोल इंजन के साथ आएगी और इसमें कई नए फीचर मिलेंगे। कंपनी ने नई ब्रेजा की बुकिंग भी शुरू कर दी है। लगभग पांच लाख की बिक्री का आंकड़ा पार कर चुकी मौजूदा ब्रेजा का 2016 के ऑटो एक्सपो में 1.3 लीटर डीजल इंजन के साथ उतारा था।
Auto Expo 2020 Live: लॉन्च हुई नई Maruti Vitara Brezza 2020 फेसलिफ्ट, मिलेगा पेट्रोल इंजन
नए फीचर
गुरुवार सुबह ऑटो एक्सपो वेन्यू के बाहर ब्रेजा का एक होर्डिंग दिखाई दिया था जिसमें ब्रेजा अपडेटेड डिजाइन के साथ स्पॉट हुई, जिसके बाद अटकल लगाई जा रही थीं कि नई ब्रेजा को जल्द ही लॉन्च किया जा सकता है। गुरुवार को ही मारुति ने नई ब्रेजा को लॉन्च कर दिया। नई ब्रेजा में इसमें नई क्रोम ग्रिल, नए प्रोजेक्टर्स हेडलैंप्स के साथ LED DRLs लाइट स्ट्रिप, अलॉय व्हील्स, डुअल टोन पेंट स्कीम, ब्लैक रूफ के साथ कुछ कॉस्मैटिक बदलाव किए गए हैं। साथ फॉग लैंप्स पर सिल्वर स्किड प्लेट्स लगी हैं। नई ब्रेजा मोटनो टोन के साथ डुअल टोन कलर ऑप्शंस में भी मिलेगी। रिअर में एलईडी टेललैंप्स दिए गए हैं। वहीं इंटीरियर में कोई खास बदलाव नहीं किए गए हैं।
नया इंजन
पहली बार ब्रेजा को पेट्रोल इंजन के साथ उतारा गया है। मारुति की बेस्ट सेलर एसयूवी मॆं 1.3 लीटर फिएट मल्टीजेट टर्बो डीजल इंजन की जगह 1.5 लीटर के-सीरीज पेट्रोल इंजन मिलेगा, जिसमें टर्बो का फीचर नहीं होगा। यह इंजन बीएस6 उत्सर्जन मानकों वाला होगा और माइल्ड हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आएगा। जिसमें मोटर के साथ एक अतिरिक्त बैटरी लगी होती है, जो एक्स्ट्रा टॉर्क देती है। यह 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन 104 पीएस की पावर और 103 एनएम का टॉर्क देता है।
कीमत सात लाख से शुरू!
नई ब्रेजा दो गियरबॉक्स ऑप्शन 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक टॉर्क कन्वर्टर के साथ आएगी। इसमें एएमटी का फीचर नहीं होगा। पुरानी ब्रेजा 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी के साथ आएगी। नया इंजन पहले ही सियाज, अर्टिगा और XL6 के साथ दिया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई ब्रेजा की शुरुआती कीमत सात लाख रुपये से शुरू हो सकती है। कम कीमत होने के वजह से यह ह्यूंदै वेन्यू और नेक्सन को टक्कर देगी।
2021 में आएगा डीजल इंजन
वहीं इसे फिलहाल पेट्रोल में ही उतारा जाएगा। कंपनी 2021 तक इसमें डीजल इंजन भी दे सकती है। इस इंजन को इन-हाउस डेवलप किया जा रहा है। 1.5 लीटर का डीजल इंजन बीए,6 मानक वाला होगा और टर्बो फीचर के साथ आएगा। वहीं कंपनी ने ऑटो एक्सपो में फेसलिफ्ट एस-क्रॉस को भी शोकेस किया, जो माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम के साथ आएगी।