अद्भुत साहसी एवं पराक्रमी ग्रह पृथ्वी पुत्र मंगल 8 फरवरी 2020 को अपनी वृश्चिक राशि की यात्रा संपन्न करके देवगुरु बृहस्पति की राशि धनु में प्रवेश करेंगे। जहां ये 22 मार्च को दोपहर 02 बजकर 37 तक रहेंगे। उसके बाद अपनी उच्च राशि मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे। मंगल का राशि परिवर्तन मेदिनी ज्योतिष के लिए भी और फलित ज्योतिष के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। नौ ग्रहों में इन्हें सेनापति का स्थान प्राप्त है इसलिए इन्हें सेना, पुलिस विभाग, इंजीनियरिंग, आग्नेयास्त्रों के विभाग आदि का प्रमुख कारक माना गया है। धनु राशि में प्रवेश का सभी 12 राशियों पर कैसा प्रभाव रहेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
मेष राशि- राशि से भाग्यभाव में मंगल का गोचर आपके लिए अत्यंत शुभ प्रभावकारी सिद्ध होगा। कार्य व्यापार में उन्नति तो होगी ही आपके द्वारा लिए गए निर्णय एवं किए गए कार्यों की सराहना भी होगी। नौकरी में पदोन्नति मान सम्मान की प्राप्ति के योग बन रहे हैं। विद्यार्थी वर्ग के लिए भी यह योग अत्यंत शुभकारी है। अतः परीक्षा में और अंक पाने के लिए एकाग्रता बनाए रखें।
वृषभ राशि- राशि से अष्टम भाव में मंगल का जाना थोड़ा सा अशुभ हो सकता है किंतु, ये विपरीत योगकारक भी रहेंगे इसलिए जो लोग आपको नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे थे वही मदद करते दिखाई देंगे। कोर्ट कचहरी के मामले आपके पक्ष में होंगे। षडयंत्र का शिकार होने से बचे। यात्रा सावधानीपूर्वक करें। को किसी बड़े सामाजिक कार्य की जिम्मेदारी मिलने वाली है जिससे आप का यश और बढ़ेगा।
मिथुन राशि- राशि से सप्तम भाव में मंगल विवाह संबंधी वार्ता में कुछ विलंब ला सकते हैं। अपने स्वभाव में सौम्यता बनाए रखें। दांपत्य जीवन में कटुता न आने दें। कोई भी कार्य जबतक पूर्ण न कर लें उसे सार्वजनिक ना करें। अपनी जिद और आवेश पर नियंत्रण रखते हुए कार्य करेंगे तो, सफलता की संभावना सर्वाधिक रहेगी। संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव का भी योग बन रहा है किसी महंगी वस्तु का क्रय करेंगे।
कर्क राशि- आपकी राशि के लिए सर्वाधिक योगकारक मंगल का शत्रुभाव में जाना आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कोर्ट कचहरी में लंबित पड़े मामलों का निपटारा होगा फिर भी जहां तक संभव हो झगड़े विवाद कोर्ट से बाहर ही निपटा लें तो बेहतर रहेगा। माता पिता के स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दें। विदेश यात्रा करना अथवा विदेशी नागरिकता के लिए आवेदन करना लाभदायक रहेगा।