अत्यंत साहसी और पराक्रमी ग्रह पृथ्वी पुत्र मंगल 16 अगस्त की सायं 6 बजकर 30 पर मीन राशि की यात्रा समाप्त करके अपनी मेष राशि में प्रवेश करेंगे। ये 10 सितंबर की प्रातः 3 बजकर 50 मिनट पर वक्री होंगे और 4 अक्टूबर की सुबह 10 बजकर 05 मिनट पर वापस मीन राशि में प्रवेश कर जाएंगे पुनः मंगल 14 नवंबर को मार्गी होंगे। इस प्रकार वक्री-मार्गी अवस्था में चलते हुए ये 22 फरवरी की प्रातः 04 बजकर 34 मिनट पर वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। इनका वक्री-मार्गी होना अथवा राशि परिवर्तन करना फलित ज्योतिष के लिए अति महत्वपूर्ण माना गया है। ये मेष एवं वृश्चिक राशि के स्वामी हैं। मकर राशि में उच्चराशिगत एवं कर्क राशि में नीचराशि गत संज्ञक माने गए हैं। इनके राशि परिवर्तन का सभी 12 राशियों पर कैसा प्रभाव रहेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
मेष राशि- आपके राशि स्वामी मंगल का अपने ही घर में आना आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कहीं ना कहीं आपको रूचक योग का फल भी मिलेगा तथा कार्य क्षेत्र में प्रभाव वृद्धि होगी। नई कार्य योजनाएं भी फलीभूत होंगी। सरकारी सर्विस हेतु आवेदन करना अतिशुभ रहेगा। विद्यार्थियों के लिए समय और भी अनुकूल है। प्रतियोगिता में सफलता मिलेगी, किंतु प्रेम संबंधी मामलों में यह गोचरफल अच्छा नहीं रहेगा। शादी विवाह में आ रही अड़चनें दूर होंगी। नव दंपत्ति के लिए संतान प्राप्ति एवं प्रादुर्भाव के योग।
वृषभ राशि- राशि से बारहवें भाव में मंगल का गोचर आपके लिए मिलाजुला फल कारक रहेगा। आपकी ऊर्जा शक्ति में बढ़ोतरी होगी और लिए गए निर्णय भी सराहनीय रहेंगे। विदेश यात्रा का भी संयोग बनेगा। विदेशी नागरिकता के लिए आवेदन करना भी अति शुभ रहेगा। किसी संबंधी अथवा मित्र के द्वारा कष्ट कर समाचार के योग। वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं। भावनाओं में बहकर लिया गया निर्णय नुकसानदेय रहेगा। झगड़े विवाद से दूर रहें और कोर्ट कचहरी के मामले भी बाहर ही सुलझा लेना बेहतर रहेगा।
मिथुन राशि- राशि से लाभ भाव में मंगल का गोचर आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। किसी भी तरह का बड़े से बड़ा कार्य आरंभ करना चाहें अथवा निर्णय लेना चाहें तो परिणाम आपके पक्ष में रहेगा। आय के साधन भी बढ़ेंगे। केंद्र अथवा राज्य सरकार में पड़े हुए कार्यो का निपटारा होगा और काफी दिनों का रुका हुआ धन भी वापस मिलने के संकेत। परिवार के बड़े सदस्यों अथवा बड़े भाइयों से मतभेद न पैदा होने दें। विद्यार्थियों के लिए समय और भी अनुकूल है इसलिए पढ़ाई में और मन लगाएं।
कर्क राशि- राशि से दशम कर्मभाव में मंगल का गोचर आपके लिए महान राजयोग का निर्माण कर रहा है इसलिए नौकरी में पदोन्नति एवं नए अनुबंध की प्राप्ति के योग बन रहे हैं। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में सर्विस आदि के लिए आवेदन करना सफल रहेगा। विदेशी कंपनियों में नौकरी हेतु आवेदन भी सार्थक रहेगा किंतु मंगल की नीच दृष्टि आपके स्वास्थ्य के प्रति कुछ चिंता बढ़ा सकती है सावधान रहें। मकान वाहन खरीदने का सपना पूर्ण हो सकता है मित्रों अथवा संबंधियों से सहयोग के योग।