अंक ज्योतिष में हर मूलांक का संबंध किसी न किसी ग्रह और धातु से माना जाता है। यह व्यक्ति के जीवन पर गहरा प्रभाव डालता है। इनमें से एक महत्वपूर्ण धातु है सोना,जिसे समृद्धि, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जाता है। खासतौर पर कुछ मूलांक ऐसे होते हैं जिनके लिए सोना सिर्फ आभूषण नहीं बल्कि भाग्य को मजबूत करने का माध्यम भी बन सकता है। कुछ मूलांक के लोग इसे धारण करके अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। यह धातु न सिर्फ आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करती है बल्कि करियर, धन और सम्मान में भी वृद्धि के संकेत देती है। हालांकि सोना पहनने के कुछ नियम और सावधानियां भी होती हैं। सही तरीके से और सही समय पर सोना धारण करने से इसके लाभ कई गुना बढ़ सकते हैं। आइए जानते हैं इन मूलांक वालों के लिए सोना पहनना क्यों फायदेमंद है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
Numerology: इन मूलांक वालों के लिए सोना है लकी, पहनते ही बदल जाएगी किस्मत
अंक ज्योतिष के अनुसार सोना कुछ मूलांक वालों के लिए बेहद शुभ माना जाता है। जानें कौन-से मूलांक के लोग सोना पहनकर करियर, धन और आत्मविश्वास में लाभ पा सकते हैं और किन सावधानियों का पालन जरूरी है।
मूलांक 1
मूलांक 1 का स्वामी ग्रह सूर्य है और सूर्य का गुरु ग्रह के साथ मैत्री संबंध माना जाता है। इसी वजह से मूलांक 1 वालों के लिए भी सोना एक शुभ धातु मानी जाती है। सोना धारण करने से इस मूलांक के लोगों में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। ये अपने कार्यक्षेत्र में अधिक प्रभावशाली निर्णय लेने लगते हैं और सफलता की ओर तेजी से बढ़ते हैं। इसके अलावा सोना पहनने से इन लोगों को समाज में मान-सम्मान मिलता है और जीवन में चल रही बाधाएं धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। यह धातु इनके व्यक्तित्व को और अधिक मजबूत और आकर्षक बनाती है।
मूलांक 3
मूलांक 3 का संबंध देवगुरु बृहस्पति से माना जाता है और ज्योतिष शास्त्र में सोना भी गुरु ग्रह से जुड़ी धातु मानी जाती है। यही कारण है कि इस मूलांक के जातकों के लिए सोना बेहद शुभ और प्रभावशाली माना जाता है। सोना धारण करने से मूलांक 3 वालों के आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होती है और वे अपने फैसलों में अधिक स्पष्टता महसूस करते हैं। इसके साथ ही इनकी एकाग्रता शक्ति भी मजबूत होती है, जिससे पढ़ाई, करियर और व्यापार में बेहतर परिणाम मिलने लगते हैं। यह भी माना जाता है कि सोना मूलांक 3 वालों के जीवन में सौभाग्य लाता है और संतान सुख के योग को मजबूत करता है। पारिवारिक जीवन में संतुलन बनाए रखने और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ाने में भी यह धातु सहायक होती है।
मूलांक 9
मूलांक 9 का स्वामी ग्रह मंगल माना जाता है और ज्योतिष में मंगल और गुरु के बीच भी मित्रवत संबंध पाए जाते हैं। इसी कारण इस मूलांक के लोगों के लिए भी सोना शुभ फल देने वाला माना जाता है। सोना पहनने से मूलांक 9 वालों के भाग्य में सुधार देखने को मिलता है और जीवन में आने वाली रुकावटें कम होती हैं। यह धातु उन्हें नकारात्मक परिस्थितियों से बचाने में भी सहायक मानी जाती है। इसके साथ ही माना जाता है कि सोना धारण करने से दुर्घटनाओं और अचानक आने वाली परेशानियों से सुरक्षा मिलती है, जिससे जीवन में स्थिरता और आत्मविश्वास बढ़ता है।
सोना पहनते समय बरतें ये जरूरी सावधानियां
• सोना हमेशा शरीर के ऊपरी हिस्से में ही धारण करना चाहिए। इसे कमर से नीचे पहनना अशुभ माना जाता है, इसलिए अंगूठी, चेन या लॉकेट के रूप में ही सोना पहनना बेहतर होता है।
• ज्योतिष के अनुसार सोना दाहिने हाथ में पहनना अधिक शुभ फल देता है। इसे बाएं हाथ में पहनने से अपेक्षित सकारात्मक प्रभाव कम हो सकता है।
• जो लोग सोना धारण करते हैं, उन्हें अपने आचरण और जीवनशैली पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मांसाहार और मदिरा का सेवन गुरु ग्रह के प्रभाव को कमजोर कर सकता है, इसलिए इससे बचना उचित माना जाता है।
• सोना पहनने के बाद इसे बार-बार उतारना नहीं चाहिए। इसे लंबे समय तक धारण करना ही इसके शुभ प्रभाव को बनाए रखता है। बार-बार बदलने से इसकी ऊर्जा में कमी आ सकती है।
• सोने की अंगूठी हमेशा अनामिका में पहनना सबसे शुभ माना गया है, क्योंकि इससे ग्रहों का सकारात्मक प्रभाव अधिक सक्रिय होता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।