{"_id":"5379f3ba18a676c4cb689dc23238a2bd","slug":"update-national-games-in-kerala-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"राष्ट्रीय खेलों में लग सकता है उत्तराखंड को दूसरा झटका","category":{"title":"Sports Archives","title_hn":"खेल आर्काइव","slug":"sports-archives"}}
राष्ट्रीय खेलों में लग सकता है उत्तराखंड को दूसरा झटका
अंशुल डांगी/अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम
Updated Tue, 10 Feb 2015 02:11 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय खेलों से उत्तराखंड के चैंपियन खिलाड़ियों के हटने का सिलसिला जारी है। बॉक्सिंग में प्रियंका और मोनिका सोन के हटने के बाद एथलेटिक्स में उत्तराखंड को दूसरा झटका लग सकता है, क्योंकि राष्ट्रीय खेलों में एथलेटिक्स मनीष रावत के खेलने पर रोक लगा दी गई है।
विज्ञापन
एक पदक से वंचित हो सकता है उत्तराखंड
हालांकि, सूत्रों का दावा है कि बुधवार को होने वाली प्रतियोगिता से पहले मनीष को खेलने की अनुमति मिल सकती है। लेकिन यदि मनीष को खेलने की अनुमति नहीं मिली तो उत्तराखंड एक पदक से वंचित हो सकता है। इससे पहले 5 हजार मीटर दौड़ में उत्तराखंड की उम्मीद हरीश कोरंगा को डोप टेस्ट में संदिग्ध पाए जाने के कारण राष्ट्रीय खेलों में खेलने से रोक दिया गया है।
विज्ञापन
चमोली जिले के सगर गांव के निवासी और उत्तराखंड पुलिस के जवान मनीष रावत को उत्तराखंड की टीम में चुना गया था। मनीष 20 किलोमीटर पैदल वॉक के राष्ट्रीय चैंपियन हैं। ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स मीट के भी वह चैंपियन हैं।
विज्ञापन
सोमवार से तिरुवनंतपुरम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता की शुरुआत होनी थी, लेकिन टूर्नामेंट से पूर्व ही एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने मनीष रावत को राष्ट्रीय खेलों में खेलने से रोक दिया है।
रोकने की वजह विश्व चैंपियनशिप और रियो ओलंपिक की तैयारियों को बताया जा रहा है। मनीष पर रोक के बाद अब 20 किलोमीटर पैदल वॉक में उत्तराखंड की निगाहें गुरमीत सिंह पर रहेंगी।
वॉटर स्पोर्ट्स से खुला उत्तराखंड का खाता
35वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का खाता आखिर वाटर स्पोर्ट्स से खुल सका है। सोमवार को उत्तराखंड को क्याक में 2 पदक मिले हैं। रविवार को भी एक पदक रोइंग में मिला था। वेमबंद ताल में सोमवार को क्याक प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। क्याक के के-1 वर्ग की 1000 मीटर रेस में उत्तराखंड के सन्नी कुमार कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।
जबकि दोपहर में के-2 वर्ग की 1000 मीटर रेस में उत्तराखंड के सन्नी कुमार और अतुल कुमार की जोड़ी रजत पदक जीतने में सफल रही। टीम मैनेजर अनुज कुमार ने कहा कि दोनों खिलाड़ी ब्वॉयज स्पोर्ट्स कंपनी के हैं और रुड़की में रहकर खेल की बारीकियां सीखे हैं। मंगलवार को भी पदक की उम्मीद है।
किट नहीं मिलने का लगाया आरोप
क्याक, रोइंग, क्याकिंग टीम के कोच अनुज कुमार ने टीम को किट नहीं दिए जाने की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को गर्मियों में ट्रैक सूट दिया गया है, लेकिन खेलने के लिए खिलाड़ियों को खुद ही खरीदनी पड़ी है। यहां तक कि जूते भी नहीं मिल सके हैं, जबकि इसकेलिए अधिकारियों से कहा भी गया था, लेकिन फिर भी नहीं मिल सके।
आइडिया केरल का, लेकिन बनेगा स्थायी
उत्तराखंड में 2018 में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों से पहले ही राज्य सरकार बुनियादी जरूरतों और खेल ढांचे को जांचने परखने लगी है। सोमवार को उत्तराखंड के खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल ने केरल की राजधानी में बने खेल स्टेडियमों और खेल सुविधाओं का टीम के साथ निरीक्षण किया।
तिरुवनंतपुरम से करीब 20 किलोमीटर दूर खेल गांव जबकि राष्ट्रीय खेलों के उद् घाटन और समापन के लिए चुने गए निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही टीम ने हैंडबाल कोर्ट, शूटिंग रेंज, एथलेटिक्स स्टेडियम का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक में खेल मंत्री ने कहा कि यहां की सुविधाओं को देखकर तैयारी करो। आइडिया यहां अच्छा है, इसका पूरा प्रारूप समझो और उत्तराखंड में खेल सुविधाएं बढ़ाओ। खेल गांव के संबंध में खेल मंत्री ने कहा कि यहां का डिजायन अच्छा है और सुविधाएं भी अच्छी हैं।
मगर फेब्रिक के कमरे बनाने से अच्छा परमानेंट खेल गांव बनाना बेहतर है। जिसे बाद में बेचा भी जा सकता है और खेल सुविधा के रूप में उपयोग भी हो सकता है।
शूटिंग रेंज के निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजधानी में भी उसी तर्ज पर रेंज बनाने की बात कही। हालांकि केरल में यह अस्थायी है, लेकिन उत्तराखंड में यह स्थायी बनाया जाएगा।
इस दौरान खेल सचिव शैलेश बगोली, सचिव आर के सुधांशु, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, उप निदशेक अजय अग्रवाल, सहायक निदेशक डा. धर्मेंद्र भट्ट, जिला खेल अधिकारी सुरेश चंद्र पांडे, स्पोर्ट्स कालेज के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, एथलेक्टि कोच अनूप बिष्ट आदि मौजूद थे।