प्रीति की टीम ने लगाया लगातार जीत का 'पंजा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले 6 सत्र में एक बार भी फाइनल में नहीं पहुंच सकी किंग्स इलेवन पंजाब की टीम इस बार अजेय रथ पर सवार हो गई है।
टूर्नामेंट के 18वें मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब ने रॉयल चैलेंजर बंगलोर को 7 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हराकर अंक तालिका में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।
IPL में सबसे शानदार खेल चल रहा पंजाब का
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद रॉयल चैलेंजर बंगलोर ने 8 विकेट पर 124 रन बनाए।
आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने यह मैच 18.5 ओवर में 5 विकेट पर 127 रन बनाकर जीत लिया। किंग्स की ओर से वीरेंद्र सहवाग ने सर्वाधिक 32 रन बनाए जबकि डेविड मिलर ने 26 और ऋषि धवन ने नाबाद 23 रन का योगदान दिया। धवन ने पंजाब के लिए विजयी चौका मारा।
पंजाब की टूर्नामेंट में यह लगातार पांचवीं जीत है और टीम 10 अंकों के साथ पहले पायदान पर बनी हुई है। आईपीएल में पंजाब का यह अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। दूसरे स्थान पर 5 मैच में 4 जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स दूसरे स्थान पर है।
धमाकेदार शुरुआत के बाद आउट हो गए गेल
इससे पहले पंजाब ने टॉस जीतकर अपने फील्डिंग करने का फैसला किया। बंगलोर की शुरुआत धमाकेदार रही लेकिन इसके बाद एक के बाद एक झटके ने उसे बैकफुट पर ला दिया।
बंगलोर को पहला झटका क्रिस गेल के रूप में लगा। गेल 7 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों से 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस सत्र में पहली बार मैच खेलने उतरे गेल ने शुरुआत तो धमाकेदार अंदाज में की लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच सके।
तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने उन्हें बोल्ड कर पंजाब को पहली सफलता दिलाई।
मैन ऑफ द मैच संदीप ने झटके 3 विकेट
बंगलोर की ओर से युवराज सिंह ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। युवी ने पहले एबी डीविलियर्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 41 रन और उसके बाद छठवें विकेट के लिए मोर्कल के साथ 26 रन की साझेदारी कर बंगलोर के स्कोर को सौ के करीब पहुंचाया।
शानदार फॉर्म में चल रहे संदीप शर्मा ने इस मैच में 15 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने लगातार 2 मैचों में 3-3 विकेट झटके हैं। संदीप को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दबाव नहीं बना सके RCB के गेंदबाज
हालांकि बंगलोर के गेंदबाजों का प्रदर्शन बहुत शानदार नहीं रहा और वह छोटे से लक्ष्य के लिए पंजाब के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके।
आरसीबी की ओर से तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने 29 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि यजुर्वेंद चहल को भी 2 सफलता हासिल हुई। एक विकेट अशोक डिंडा को मिला। पंजाब ने 7 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।