टीम इंडिया न्यूजीलैंड क्या गई, हो गई जबर्दस्त कमाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम जब न्यूजीलैंड की धरती पर उतरी तो वह वर्ल्ड चैंपियन होने के साथ-साथ नंबर वन भी थे। लेकिन पांच मैचों की वनडे सीरीज न्यूजीलैंड ने 4-0 जीतकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया।
कीवी टीम सीरीज से पहले वर्ल्ड रैंकिंग में आठवें पायदान पर थी और सीरीज खत्म होने के बाद वह सातवें पायदान पर आ गई। जबकि टीम इंडिया ने अपना शीर्ष स्थान गंवा दिया और दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
21 करोड़ रुपए से ज्यादा की हुई कमाई
जीत के अलावा कमाई के मामले में भी न्यूजीलैंड के लिए यह बेहद शानदार रहा। टीम इंडिया के मौजूदा न्यूजीलैंड दौरे के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने 3.5 करोड़ डॉलर (21,70,00,000 रुपए) से अधिक का प्रसारण अधिकार प्राप्त किया है जो इस कीवी देश का अब तक का सबसे बड़ा करार है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार न्यूजीलैंड क्रिकेट को मिला यह प्रसारण अधिकार रग्बी यूनियन को वर्ष 2005 में ब्रिटिश एवं आयरिश लायंस टूर से मिले 2.5 करोड़ डॉलर के करार से भी अधिक है।
एनजेडसी के मुख्य कार्यकारी डेविड व्हाइट ने बताया कि हमारा मौजूदा करार वर्ष 2009 के करार से काफी आकर्षक है। आईसीसी के फ्यूचर्स कार्यक्रम में भी भारत का वर्ष 2019 दौरा शामिल कर लिया गया है जिससे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पहले इनकार कर चुका है।
पांच साल बाद फिर मिलेगा कमाई का मौका
आईसीसी में ढांचागत बदलाव के भारत-इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के प्रस्ताव का समर्थन करने वाले न्यूजीलैंड को इसके अलावा वर्ष 2019 में एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम के दौरे का तोहफा मिला है।
एनजेडसी के मुख्य कार्यकारी डेविड व्हाइट ने मौजूदा भारत दौरे के लिए फेयरफैक्स मीडिया से मिले इस करार की पुष्टि की है।
न्यूजीलैंड में किसी भी खेल में हुई यह सर्वाधिक कमाई मानी जा रही है। इससे पहले आखिरी बार वर्ष 2009 में भारत दौरे के दौरान एनजेडसी को 2.5 करोड़ डॉलर का प्रसारण अधिकार मिला था।