नीदरलैंड, चिली को हराकर बना नंबर-1
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2014 फुटबॉल वर्ल्ड कप के नॉकआउट दौर में पहले ही जगह बना चुकी नीदरलैंड और चिली की टीमें जब मैदान में उतरी तो उनके बीच ग्रुप ‘बी’ में शीर्ष पर रहने और अपना वर्चस्व कायम रखने की जंग थी। इन दोनों टीमों ने लगातार दो-दो मैच जीतकर छह-छह अंक हासिल किए थे।
ऐसे में जब दोनों दिग्गज टीमों के बीच अपना विजय अभियान जारी रखकर नॉकआउट दौर में पहुंचने की चुनौती थी। वर्चस्व की इस जंग में बाजी मारी नीदरलैंड ने, जिसने चिली को 2-0 से करारी शिकस्त दी। नीदरलैंड के लिए लीरॉय फर ने 77वें जबकि मेमफिस डीपेय ने अतिरिक्त समय के दूसरे मिनट में गोल किया।
दोनों टीमों के लिए पहला हाफ गोलरहित रहा। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर जोरदार हमला बोला लेकिन इस बार कामयाबी नीदरलैंड को मिल गई। 77वें मिनट में लीरॉय फर ने 10 यार्ड की दूरी से गोल करके टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। नीदरलैंड ने यह बढ़त 90वें मिनट तक बरकरार रखी।
इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट में अर्जेन रोबेन का जादू चला और वह चिली के डिफेंडर को छकाते हुए गोल पोस्ट तक लाए और यहां से उन्होंने बाईलाइन से डीपेय को क्रास पास दिया जिसे डीपेस ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। इस नायाब गोल से नीदरलैंड ने 2-0 की बढ़त हासिल कर जीत भी हासिल कर ली। नीदरलैंड की यह लगातार तीसरी जीत है।
जीत के साथ विदा हुए चैंपियन
मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन स्पेन का फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप में अभियान सोमवार को ऑस्ट्रेलिया पर मिली 3-0 की एकतरफा जीत के बावजूद थम गया। दोनों टीमों के लिए औपचारिकता भर रह गई ग्रुप ‘बी’ के इस मुकाबले में स्पेन जहां पहली जीत हासिल करने में सफल रहा वहीं ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बिना कोई जीत हासिल किए विदा हो गया।
पहली बार टूर्नामेंट में स्पेन के प्रदर्शन में वर्ल्ड चैंपियन की झलक दिखी। हालांकि पहले हाफ की शुरुआत में उसे ऑस्ट्रेलिया से कड़ी चुनौती मिली लेकिन 36वें मिनट में डेविड विला के शानदार गोल ने जैसे टीम में जान फूंक दी। हालांकि अगले ही मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने भी जबरदस्त पलटवार किया लेकिन वह स्पेन के चुस्त गोलरक्षक को नहीं भेद पाया।
पहला हाफ 1-0 की बढ़त के साथ समाप्त करने के बाद दूसरे हाफ में स्पेन ने एक बार फिर अपना आक्रमण जारी रखा और 68वें मिनट में फर्नांडो टोरेस ने एक और गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। 82वें मिनट में जुआन माटा ने टीम की ओर से तीसरा गोल कर टूर्नामेंट में पहली बार स्पेन की जीत सुनिश्चित की।
मौजूदा चैंपियन और दुनिया की नंबर वन टीम स्पेन भले ही एकतरफा जीत हासिल करने में सफल रही लेकिन टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में नीदरलैंड से मिली 5-1 की बड़ी हार और फिर चिली से मिली 2-0 से हार का उसे नुकसान उठाना पड़ा और वह दूसरे राउंड के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर सका। इसी तरह ऑस्ट्रेलिया को भी अपने शुरुआती दोनों मैचों में से चिली से 3-1 से और फिर नीदरलैंड से 3-2 से हार का सामना करना पड़ा था।