क्या पाक से बदला ले पाएगी टीम इंडिया?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टी-20 वर्ल्ड कप का ग्रुप चरण मुकाबला शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है और उसके पहले ही मुकाबले में चिरप्रतिद्वंद्वी भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
चाहे वह वनडे वर्ल्ड कप हो या टी-20, भारत ने आज तक पाकिस्तान को अपने ऊपर जीत नसीब नहीं होने दी है।
भले ही पाकिस्तान इस समय टी-20 में दुनिया की दूसरी नंबर की टीम हो लेकिन बुधवार को अभ्यास मैच में जहां उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा वहीं भारत ने इंग्लैंड पर 20 रन की शानदार जीत दर्ज की थी। लिहाजा भारत का मुकाबले से पहले आत्मविश्वास भी चरम पर है।
फिलहाल भारत पर भारी पाक टीम
भारतीय टीम को कुछ दिन पहले ही बांग्लादेश में आयोजित एशिया कप में पाकिस्तान के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। ऐसे में साफ है कि भारत उस हार का बदला भी चुकता करना चाहेगा।
वैसे पाकिस्तान ने इन दिनों काफी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जबकि भारत ने अपना आखिरी मैच पिछले साल अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। 2012 के बाद से पाकिस्तान का प्रदर्शन भी काफी बेहतर हुआ है और उसने 14 में से अपने नौ मैच जीते हैं।
इसके अलावा पाकिस्तान ने पिछले चार टी-20 वर्ल्ड कप में हर बार आखिरी चार में भी जगह बनाई है। दूसरी ओर टूर्नामेंट के पहले ही संस्करण में मिली जीत के बाद भारतीय टीम कभी भी अंतिम चार में नहीं पहुंच सकी है। इस रिकॉर्ड को देखें तो पाकिस्तान की स्थिति फिलहाल भारत से कहीं बेहतर दिखाई दे रही है।
आ देखें जरा, किसमें कितना है दम
अगर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें तो बांग्लादेश की पिच पर स्पिनरों का ही जादू चलता है। इस लिहाज से आर अश्विन, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की मैच में काफी अहम भूमिका होंगी।
बल्लेबाजी में विराट कोहली, युवराज सिंह, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी के अलावा शिखर धवन से भी भारतीय प्रशंसकों को काफी उम्मीदें होगी। जहां तक पाकिस्तान की बात है तो एशिया कप में लगभग हर टीम के गेंदबाजों की धुनाई कर चुके पाकिस्तान के स्टार ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी, अहमद शहजाद, कप्तान मोहम्मद हफीज, उमर अकमल और शोएब मलिक जैसे बल्लेबाजों के साथ विपक्षी टीम काफी मजबूत दिखाई दे रही है।
बल्लेबाजी की ही तरह पाकिस्तान का गेंदबाजी क्रम भी काफी मजबूत है और उमर गुल उसकी मजबूत कड़ी हैं। इसके अलावा सईद अजमल और शाहिद आफरीदी से पार पाना भारतीयों के लिए आसान नहीं होगा।
पाक टीम भी पूरी तरह तैयार
पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद हफीज का कहना है, 'हम टूर्नामेंट को लेकर काफी आश्वस्त हैं। हमारी टीम में युवा और अनुभवी सभी तरह के खिलाड़ी हैं और अच्छी बात यह है कि हमारे खिलाड़ियों को भारत के खिलाफ बेहद दबाव वाले मैच में खेलने का भी अनुभव मिल गया है।'
वहीं, पाक ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी का कहना है, 'हम जानते हैं कि भारत के खिलाफ मैच को लेकर उम्मीदें बहुत होती हैं लेकिन हम पूरी शांति और संयम के साथ अपना पहला मैच खेलेंगे। हमारी कोशिश रहेगी कि हम पहला मैच जीतकर टूर्नामेंट की विजयी शुरुआत करें।'