अफरीदी के दो छक्कों ने टीम इंडिया को हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एशिया कप का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अंतिम ओवर तक खींचा और शाहिद अफरीदी ने लगातार दो छक्का लगाकर भारत से यह मैच छीन लिया।
ढाका में 246 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 49.4 ओवर में 9 विकेट पर 249 रन बनाकर मैच जीत लिया। इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 245 रन बनाए। भारत के लिए रोहित शर्मा (56), अंबाती रायडू (58) और रवींद्र जडेजा (नाबाद 52) ने अर्धशतक लगाए। (लाइव स्कोरकार्ड)
पाक को जीत के लिए अंतिम 6 गेंद पर 10 रन चाहिए थे। निर्णायक ओवर करते हुए अश्विन ने पहली गेंद पर सईद अजमल (0) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद शाहिद अफरीदी (नाबाद 34 रन, 18 गेंद, 2 चौका और 3 छक्का) ने तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो छक्के लगाकर भारत को एक विकेट से हरा दिया। पाक की टूर्नामेंट में यह दूसरी जीत है और नौ अंकों के साथ पहले पायदान पर आ गया है। जबकि भारत पर एशिया कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।
अश्विन-अमित की फिरकी में उलझ गए बल्लेबाज
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाक टीम को श्रेजील खान (25) और अहमद शेहजाद (42) ने 11 ओवर में 71 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। लेकिन आर अश्विन ने 11वें ओवर की अंतिम गेंद पर श्रेजील को बोल्ड कर इस जोड़ी को तोड़ दिया।
इसके बाद लंबे समय बाद मैच खेलने उतरे अमित मिश्रा ने 15वें ओवर में शेहजाद को कैच आउट कराकर अपनी पहली सफलता हासिल की। अमित के अगले ही ओवर में पाक कप्तान मिस्बाह उल हक (1) रन आउट हो गए। मैच में बेहद कसी हुई गेंदबाजी करने वाले अमित ने उमर अकमल (4) को कैच आउट कराकर भारत को एक और सफलता दिलाई।
जल्दी-जल्दी चार विकेट खोने के बाद मोहम्मद हफीज (75) ने सोएब मकसूद (38) के साथ पांचवें विकेट के लिए 87 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को संकट से बाहर निकाला और मैच में वापस ले आए। अंत में अफरीदी ने आतिशी पारी खेलकर पाक को जीत दिला दी। भारत की ओर से अश्विन ने चार और भुवनेश्वर कुमार तथा अमित मिश्रा ने दो-दो विकेट झटके।
सस्ते में आउट हो गए धवन और कोहली
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत को रोहित शर्मा और शिखर धवन की सलामी जोड़ी ने सधी शुरुआत देने की कोशिश की लेकिन तीन ओवर में 18 रन बनाने के बाद टीम इंडिया ने अपना पहला विकेट गंवा दिया।
आलराउंडर मोहम्मद हफीज ने तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर ओपनर शिखर धवन को 10 रन के निजी स्कोर पर पगबाधा करा दिया। धवन ने 13 गेंदों की अपनी पारी में दो चौके भी जमाए थे लेकिन वह जल्द ही आउट हो गए।
शुरुआती झटके के बाद रोहित शर्मा और कप्तान विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 38 रनों की साझेदारी की। लेकिन 10वें ओवर की पहली ही गेंद पर कोहली उमर गुल की गेंद पर कैच आउट हो गए। कोहली चार रन बनाकर चलते बने।
रोहित शर्मा के अर्धशतक ने भारत को संभाला
शिखर धवन और विराट कोहली के सस्ते में आउट होने के बाद संकट में दिख रही टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा ने टिकाऊ पारी खेली और अर्धशतक लगाया।
रोहित ने अजिंक्य रहाणे (23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी कर स्कोर सौ के करीब पहुंचा दिया। लेकिन 58 गेंदों पर 56 रन बनाने के बाद रोहित अपना पहला वनडे खेल रहे मोहम्मद तल्हा की गेंद पर कैच आउट हो गए। 103 के स्कोर पर रहाणे भी तल्हा के दूसरे शिकार बने।
ऐसे में लग रहा था कि भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगी तो अंबाती रायडू ने दिनेश कार्तिक (23) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर स्कोर डेढ़ सौ के पार पहुंचा दिया। कार्तिक मोहम्मद हफीज के दूसरे शिकार बने।
रोहित के बाद रायडू और रवींद्र का भी पचासा
अंबाती रायडू ने आज सधी हुई बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और शानदार अर्धशतक लगाया। रायडू ने कार्तिक के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करने के बाद रवींद्र जडेजा के साथ भी पचास से ज्यादा रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर दो सौ के पार करा दिया। भारत ने 45वें ओवर में दो सौ का आंकड़ा पार किया।
अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने के चक्कर में अंबाती रायडू 47वें ओवर में सईद अजमल की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 62 गेंदों में 58 रन (4 चौका और 1 छक्का) बनाए।
इसके बाद रवींद्र जडेजा ने भी तेजी से रन बनाने शुरू किया और 48वें ओवर में ही आर अश्विन के साथ उमर गुल पर 16 रन ठोक दिए। जडेजा ने अंतिम ओवर में शुरुआती दो गेंद पर दो-दो रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके करियर का नौंवां अर्धशतक है। जडेजा 49 गेंद पर चार चौका और दो छक्के के साथ 52 रन बनाकर नाबाद रहे।
दोनों टीमों में एक-एक बदलाव
टीम इंडिया और पाकिस्तान ने अपने-अपने एकादश में एक-एक बदलाव किया है। भारतीय टीम में अमित मिश्रा को मौका दिया गया है जबकि पाक ने अनवर अली की जगह मोहम्मद तल्हा को शामिल किया है।
पाक इस मैच से पहले अंक तालिका में भारत से ऊपर क्योंकि उसने अफगानिस्तान के खिलाफ एक बोनस अंक हासिल किया था।
एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान से 10 मैच खेले हैं जिसमें चार जीते और पांच हारे हैं। जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है। वहीं ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में भारत ने कुल 14 मैच खेले हैं जिसमें 10 जीते और चार गंवाए हैं। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ इस मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच तीन मैच हुए हैं जिसमें भारत ने दो में जीत हासिल की है। एक मैच पाकिस्तान ने जीता है।