खिताबी जंग में 'गोल्डन डक' बन गए कुमार संगकारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीलंका के तेज गेंदबाज लसित मलिंगा ने पाक की पारी का शुरुआती ओवर डाला और अंतिम गेंद पर पहला विकेट भी झटक लिया।
इसके साथ ही वह अपने लगातार तीन ओवरों में एक-एक सफलता हासिल करते रहे। पाक की पारी में कुल पांच विकेट गिरे और सभी के सभी विकेट मलिंगा के खाते में गए।
मजेदार बात यह रही कि मलिंगा ने पहले ओवर में विकेट लिया था और अंतिम ओवर में भी एक सफलता हासिल की। साथ ही पाक के खिलाफ लगातार दो वनडे मैच में पांच-पांच विकेट झटके।
बाएं हाथ के पहले शतकवीर बने फवाद आलम
पाकिस्तान के मध्य क्रम के बल्लेबाज फवाद आलम जिस समय बल्लेबाजी करने क्रीज पर आए उस समय टीम के तीन विकेट महज 18 रन पर गिर गए थे।
बाएं हाथ के बल्लेबाज फवाद ने कप्तान मिस्बाह उल हक (65) के साथ चौथे विकेट के लिए साहसिक बल्लेबाजी करने के साथ ही शतकीय साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकालते हुए सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
48वें ओवर की पहली गेंद पर छक्के के साथ फवाद आलम ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। पाक की ओर से मध्य क्रम में शतक लगाने वाले फवाद आलम अपनी टीम के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। पाक के सलामी बल्लेबाजों ने शतक लगाए हैं, लेकिन मध्य क्रम में फवाद से पहले किसी ने भी शतकीय पारी नहीं खेली थी। फवाद 114 रन बनाकर नाबाद रहे।
टीम की जीत के दोहरे शतक में शामिल यह क्रिकेटर
श्रीलंका के महान क्रिकेटर कुमार संगकारा अपनी टीम के बेजोड़ बल्लेबाज हैं। साथ ही विकेटकीपर भी।
उन्होंने 5 जुलाई 2000 को पाकिस्तान के खिलाफ गाले में वनडे मैच से अपनी अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर वह 14 साल से लगातार अपनी टीम के मजबूत खिलाड़ी बने हुए हैं।
उनके रहते टीम ने इस फाइनल मैच से पहले 199 वनडे मैचों की जीत का स्वाद चखा था और इस जीत के साथ ही टीम ने दोहरा शतक लगा दिया। श्रीलंका ने बड़े टूर्नामेंट में फाइनल में हार का सिलसिला भी तोड़ दिया। इससे पहले उसे लगातार दो वर्ल्ड कप के फाइनल और टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हार का सामना किया था।
मिलिए, एशिया कप के सबसे बुजुर्ग कप्तान से
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच आज शनिवार को 12वां एशिया कप फाइनल खेला गया। पाकिस्तान टीम की कमान मिस्बाह उल हक के हाथों में थी और आज उन्होंने 39 साल 284 दिन की उम्र में टीम की अगुवाई की।
इसके साथ ही मिस्बाह एशिया कप के फाइनल में टीम की अगुवाई करने वाले सबसे बुजुर्ग कप्तान बन गए। फाइनल मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले मिस्बाह ने अपने ही देश के इमरान खान के 39 साल और 121 दिन की उम्र में कप्तानी का रिकॉर्ड तोड़ा।
यूं तो नॉर्मन गिफोर्ड किसी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी करने वाले दुनिया से सबसे उम्रदराज कप्तान हैं। उन्होंने 44 साल और 361 दिन की उम्र में इंग्लैंड के लिए शरजाह में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के लिए टीम की अगुवाई की। हालांकि उनकी अगुवाई में टीम दोनों ही मैच हार गई।
फाइनल मैच में ही फ्लॉप हो गए संगा
श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा क्रिकेट जगत के बेजोड़ बल्लेबाज माने जाते हैं और वह इन दिनों शानदार फॉर्म में भी हैं।
एशिया कप में उन्होंने फाइनल मैच से पहले टूर्नामेंट के अपने शुरुआती तीन मैचों (67, 103 और 76 रन) में बड़ी पारी खेली थी। भारत के खिलाफ जुझारू बल्लेबाजी करते हुए 103 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को नायाब जीत दिलाई थी।
लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी जंग में वह 'गोल्डन डक' बन गए। 'गोल्डन डक' का अर्थ होता है कि बल्लेबाज अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो जाए। वह 11वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए लेकिन सईद अजमल के ओवर में पहली ही गेंद पर पगबाधा हो गए। पिछली 22 पारियों में 4 बार शून्य पर आउट हुए हैं। जबकि तीन शतक और नौ अर्धशतक भी उनके बल्ले से निकले हैं।