भारत में भी कोलकाता नाइटराइडर्स को नहीं मिली जीत
कोलकाता को आस थी कि भारत में खेलने पर उसके प्रदर्शन में सुधार आएगा और टीम जीत के साथ शुरुआत करेगी। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया।
धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई टीम ने एकतरफा मुकाबले में शाहरुख खान की टीम को आसानी से हराकर अपने सफर को आगे किया।
CSK की जीत में हैट्रिक से चुक गए मोहित शर्मा
बारिश से बाधित मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 34 रन से हरा दिया। ओपनर ब्रैंडन मैक्कुलम के अर्द्धशतक की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 17 ओवर में 3 विकेट पर 148 रन बनाए।
जवाब में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम निर्धारित 17 ओवर में नौ विकेट पर 114 रन ही बना सकी। चेन्नई के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा 17वें ओवर में हैट्रिक के करीब पहुंच गए थे लेकिन पीयूष चावला (1) और युसूफ पठान (41) को आउट करने के बाद मैच के अंतिम गेंद पर सुनील नारायन का विकेट नहीं झटक सके।
खराब शुरुआत से उबर ही नहीं पाया KKR
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने 38 के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए। मैच से एक दिन पहले ही एक बेटी के पिता बने ओपनर गौतम गंभीर महज 6 रन बनाकर रनआउट हो गए।
इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज जैक्स कैलिस (4) के अलावा मनीष पांडेय (1) और साकिब उल हसन (0) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
एक छोर पर डटे रॉबिन उथप्पा ने सूर्यकुमार यादव के साथ पांचवें विकेट के लिए 27 रन जोड़ कोलकाता की पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन जडेजा ने सूर्यकुमार और उसके बाद उथप्पा का विकेट लेकर कोलकाता को बैकफुट पर ला दिया। उथप्पा ने 38 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्का की मदद से 47 रन बनाए।
KKR के 9 बल्लेबाज दहाई भी नहीं बना सके
यूसुफ ने 28 गेंदों में 41 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौके के अलावा 4 छक्के भी जड़े। उथप्पा और यूसुफ पठान को छोड़कर कोलकाता का कोई भी बल्लेबाज दहाईं का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका।
मैन ऑफ द मैच रविंद्र जडेजा ने 12 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि मोहित शर्मा ने 22 रन देकर 3 विकेट झटके।
खराब शुरुआत के बाद संभला CSK
इसके बाद ओपनर ब्रैंडन मैक्कुलम और सुरेश रैना ने दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। साकिब ने रैना को सूर्यकुमार यादव के हाथों लपकवाकर चेन्नई को दूसरा झटका दिया।
बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना ने 25 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्का की मदद से 35 रन बनाए। इसके बाद मैक्कुलम ने धोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी निभाई।
मैक्कुलम ने जमाया एक और अर्धशतक
आईपीएल 7 में शानदार फॉर्म में चल रहे मैक्कुलम ने अपना अर्द्धशतक पूरा किया। लेकिन 56 के निजी स्कोर पर मैक्कुलम आंद्रे रसेल की गेंद पर अपना कैच यूसुफ पठान को थमा बैठे।
मैक्कुलम ने 40 गेंदों की अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के उड़ाए। मैक्कुलम के आउट होने के बाद धोनी ने रविंद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए नाबाद 29 रन जोड़ चेन्नई के स्कोर को डेढ़ सौ के करीब पहुंचा दिया।
कप्तान धोनी ने अपनी पारी में 17 गेंदों में एक चौका और इतने ही छक्के से नाबाद 22 रन बनाए जबकि जडेजा ने 10 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया।