206 रनों का लक्ष्य भी हासिल कर लिया पंजाब ने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल 7 का 39वां मुकाबला एक तरह से विकेटकीपरों के बीच जंग जैसा रहा। इस मैच में दोनों टीमों के विकेटकीपरों ने लाजवाब बल्लेबाजी की और मैच को रोमांचक बना दिया। हैदराबाद की ओर से जहां विकेटकीपर नमन ओझा ने नाबाद 79 रन बनाए वहीं पंजाब के विकेटकीपर रिदिमान साहा ने धुआंधार 54 रन बनाए। (लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें)
दो सौ से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने 18.4 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 211 रन बना लिए। पंजाब ने इस सत्र में दूसरी बार 200 या 200 से ज्यादा के लक्ष्य को हासिल किया है। विजयी टीम की ओर से साहा के अलावा मनन वोहरा (47) ने उपयोगी योगदान दिया।
इससे पहले हैदराबाद ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। मेजबान टीम के लिए नमन ओझा (नाबाद 79 रन, 4 चौका और 7 छक्का) ने सबसे बड़ी पारी खेली। कप्तान शिखर धवन ने भी 45 रनों का योगदान दिया।
वीरू की नाकामी को साहा-वोहरा ने धोया
बड़े लक्ष्य के जवाब में पंजाब को दूसरी ही गेंद पर तगड़ा झटका लगा। पहली गेंद पर चौका लगाने वाले वीरेंद्र सहवाग (4) तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर कॉटएंडबोल्ड हो गए।
इसके बाद मनन वोहरा (47) और रिदिमान साहा (54) ने गजब की बल्लेबाजी कर सभी को चौंका दिया और 7 ओवर में 91 रनों की साझेदारी कर पंजाब की मैच में वापसी करा दी। 20 गेंदों में 47 रन बनाने वाले वोहरा (5 चौका और 2 छक्का) रन आउट हो गए।
दूसरे छोर पर टिके विकेटकीपर-बल्लेबाज रिदिमान साहा ने भी धुआंधार अंदाज में रन बटोरे और 26 गेंदों में 54 रन कूट लिए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के भी निकले। दोनों बल्लेबाजों की जोरदार बल्लेबाजी के दम पर पंजाब ने आठवें ओवर में ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया।
मैक्सवेल के बाद कप्तान बैली ने भी किया धूमधड़ाका
रिदिमान साहा और मनन वोहरा की धुआंधार पारी के बाद ग्लेन मैक्सवेल ने आते ही 5 गेंदों पर 3 जोरदार छक्के जमाकर अपने तेवर दिखा दिए।
मैक्सवेल ने 22 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के और करीब ले गए। उन्होंने 2 चौके के अलावा 5 छक्के भी लगाए। उनकी पारी का अंत फिरकी गेंदबाज अमित मिश्रा ने किया।
मैक्सवेल के बाद कप्तान जॉर्ज बैली (35 रन, 19 गेंद, 2 चौका और 3 छक्का) और डेविड मिलर (24) ने महज 5.3 ओवर में अविजित 52 रनों की साझेदारी कर टूर्नामेंट में सबसे बड़ी जीत दिला दी। बैली ने 19वें ओवर में छक्का मारकर टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
हैदराबाद को मिला अच्छी शुरुआत का फायदा
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आरोन फिंच (20) और कप्तान शिखर धवन (45 रन, 37 गेंद, 5 चौका और 2 छक्का) ने सधी शुरुआत देकर टीम की मजबूत नींव रखी।
दोनों ने पहले विकेट के लिए 8 ओवर में 65 रनों की साझेदारी की। फिंच के रूप में हैदराबाद का पहला विकेट गिरा। इसके बाद धवन भी चलते बने वह अपने अर्धशतक से चूक गए।
डेविड वॉर्नर ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 44 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। साथी बल्लेबाज नमन ओझा के साथ रन लेने को लेकर हुई गफलत में वॉर्नर रन आउट हो गए।
नमन ओझा की धुआंधार पारी ने कर दिया कमाल
डेविड वॉर्नर को रन आउट कराने वाले नमन ओझा ने एक छोर संभाले रखा और अपने चयन को आज सही साबित किया। उन्होंने आतिशी बल्लेबाजी कर दर्शकों का मनोरंजन भी किया।
वॉर्नर के बाद मोएसिस हेनरिक्स (0) और इरफान पठान (1) के सस्ते में आउट होने के बावजूद नमन ने न सिर्फ अपना अर्धशतक पूरा किया बल्कि टीम को दो सौ के पार भी पहुंचा दिया।
79 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ने 36 गेंदों में 4 चौके के अलावा 7 जोरदार छक्के भी लगाए। टीम ने 20 ओवर में 205 रन बना लिए।
एक बार फिर बड़ा स्कोर नहीं बचा सका हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने आज पंजाब के तूफान को रोकने के लिए बड़ा स्कोर तो खड़ा कर दिया, लेकिन डेल स्टेन और अमित मिश्रा जैसे गेंदबाजों की मौजूदगी भी टीम के स्कोर को बचा नहीं सकी और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
किंग्स इलेवन पंजाब की टीम 10 मैचों में 8 जीत और 16 अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है और टीम प्लेऑफ के बेहद करीब आ गई है जबकि हैदराबाद को इतने ही मैचों में 4 जीत और 6 हार के साथ लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। हैदराबाद एक बार अपने बड़े स्कोर को बचा पाने में नाकाम रहा।
यह मैच हारने के साथ ही हैदराबाद अंकतालिका में पांचवें पायदान पर खिसक गया है और प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीद बेहद धूमिल हो गई है।